बूंदी के इन्द्रगढ़ क्षेत्र स्थित प्राचीन कमलेश्वर महादेव मंदिर में शिव शक्ति रुद्र महायज्ञ और श्रीमद् भागवत कथा महोत्सव की पूर्णाहुति हुई। इस अवसर पर 108 कुंडीय हवन, पूजा-अर्चना और विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो गया। आध्यात्मिक संन्यास आश्रम दई धाम के अंतरराष्ट्रीय महामंडलेश्वर बाबा सच्चिदानंद गिरि महाराज ने कथा की पूर्णाहुति का वाचन किया। उन्होंने बताया कि श्रीमद् भागवत कथा श्रवण से मोक्ष की प्राप्ति होती है और जीवन के चारों पुरुषार्थ – धर्म, अर्थ, काम व मोक्ष – सिद्ध होते हैं। इस कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भी शिरकत की। उन्होंने कहा कि जहां संत निवास करते हैं, वह स्थान स्वर्ग बन जाता है। संतों की वाणी मोक्ष प्राप्ति का द्वार है। बिरला ने यह भी कहा कि महायज्ञ से वातावरण की नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। इस अवसर पर क्षेत्रीय सांसद ओम बिरला का ग्रामीणों ने जगह-जगह स्वागत किया। ग्रामीणों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर लोकसभा अध्यक्ष को ज्ञापन भी सौंपे। कार्यक्रम में केशोरायपाटन की पूर्व विधायक चंद्रकांता मेघवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, नैनवां पंचायत समिति प्रधान पदम नागर, पूर्व जिलाध्यक्ष छित्रलाल राणा सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे। कई दिनों तक चले इस महायज्ञ और धार्मिक अनुष्ठानों से पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
