अलवर में एक प्राइवेट एटीएम संचालक को कार से आए युवकों ने बेरहमी से पीटा। घटना उस वक्त हुई जब संचालक एटीएम में कैश लोड कर रहा था। आरोपियों ने अचानक संचालक पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी प्राइवेट एटीएम संचालक पर हमला करते हुए दिख रहे हैं। मामला थानागाजी क्षेत्र के टहला में सकट नारायणपुर का है। पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपियों की जांच शुरू कर दी है और उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है। कैश लोड करते समय हमला किया मारपीट में घायल बसवा निवासी कुलदीप गुर्जर ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट में बताया कि वह करीब तीन महीने से नारायणपुर स्टैंड पर प्राइवेट ईपीएस कम्पनी का एटीएम लगा रखा है। बुधवार को वह अपने गांव से नारायणपुर स्टैंड पर आया था। तभी करीब डेढ़ घण्टे बाद काले रंग की स्कार्पियो से 7-8 जने आए। उस समय वह कैश लोड कर रहा था और लोड करने के लिए तीन लाख रुपए बैग से निकाल रखे थे। उन लोगों ने आते ही एटीएम का गेट खोला। तभी वह भी गेट पर आ गया तो उन्होंने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने वालों में रामवीर गुर्जर, लक्की गुर्जर व मनीष गुर्जर सहित अन्य तीन चार लोग थे। बाद में आरोपी कार से फरार हो गए। अब पुलिस मामले की जांच में लगी है।