उदयपुर में ज्वेलर का आईफोन कुएं से निकालने के चक्कर में गोताखोर की मौत हो गई। गोताखोर आईफोन को ढूंढते हुए काफी गहराई में चला गया था। अब गोताखोर के परिवार और समाज के लोगों ने ज्वेलर के पिता पर केस दर्ज करने और 20 लाख रुपए मुआवजे की मांग की है। दोनों मांग पूरी नहीं होने तक शव उठाने से मना कर दिया है। मामला जिले के गोगुंदा थाना क्षेत्र का है। गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण ने बताया कि गोताखोर मचीन्द गांव निवासी केशूलाल गमेती (48) की मौत हो गई है। उनका शव बुधवार शाम को कुएं से निकाला गया था। परिजनों ने अब तक शव नहीं लिया है। समझाइश की जा रही है। गहराई में जाकर ढूंढने लगा तो डूबा मामले के अनुसार- जोधावतों की भागल, मारूवास गांव में ज्वेलर कुलदीप सिंह पुत्र शंकर सिंह जोधावतों की भागल, मारूवास गांव में बुधवार दोपहर अपने रिश्तेदार की मौत के 11वें पर गया था। परिवार के साथ कुएं पर सामूहिक स्नान कर रहा था। इस दौरान उसका आईफोन कुएं में गिर गया। दोपहर करीब 3 बजे स्थानीय लोगों ने फोन को निकालने के लिए गोताखोर केशूलाल गमेती को बुलाया गया था। वह अपने बेटे रूपलाल के साथ पहुंचा था। कुएं में मोबाइल को काफी देर तक ढूंढा लेकिन फोन नहीं दिखा। लगातार 2 बार ढूंढने के बाद भी फोन नहीं मिला। तीसरी बार में केशूलाल ने फिर कुएं में गहराई पर जाकर मोबाइल ढूंढने की कोशिश की और वो डूब गए। सूचना पर पहुंची गोगुंदा पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। परिवार ने शव लेने से किया मना गोताखोर के परिवार और समाज के लोगों ने शव लेने से मना कर दिया है। वे ज्वेलर के पिता शंकर सिंह पर केस दर्ज करने और 20 लाख रुपए मुआवजे की मांग कर रहे है। उनका कहना है कि जब तक मांग नहीं मानी जाएगी, शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। अच्छे तैराकों में से एक थे केशूलाल के बेटे रूपलाल ने बताया कि उनके पिताजी पूरे इलाके के अच्छे तैराकों में से एक थे। कल दोपहर में मैं भी पिता के साथ पहुंचा था। कुएं में कई तक 2 बार सर्च करने के बाद भी मोबाइल नहीं मिला तो कुलदीप सिंह के पिता ने एक और ट्राई करने का बोलकर वापस कुएं में सर्च करने को कहा, जबकि मैं मना कर रहा था। वो कल उस कुएं में तीसरी बार छलांग नहीं लगाते तो आज जिंदा होते। इनपुट – गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा।