राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड ने बुधवार देर रात को रीट मैंस (शिक्षक भर्ती परीक्षा) 2026 परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया है। फिलहाल बोर्ड ने लेवल-1 संस्कृत और लेवल-2 के साइंस-मैथ्स और संस्कृत सब्जेक्ट का परिणाम घोषित किया है। बाकी विषयों के रिजल्ट भी जल्द जारी किए जाएंगे। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपना रिजल्ट चेक कर सकते हैं। बोर्ड ने परिणाम पीडीएफ फॉर्मेट में जारी किया है, जिसमें चयनित अभ्यर्थियों के रोल नंबर शामिल किए गए हैं। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड के अध्यक्ष आलोक राज ने कहा- बोर्ड द्वारा फिलहाल लेवल – 1 और लेवल – 2 के कुछ सब्जेक्ट का रिजल्ट जारी किया गया है। दरअसल, रीट मैंस 2026 परीक्षा का आयोजन 17 जनवरी से 20 जनवरी 2026 तक किया गया था। परीक्षा हर दिन दो पारियों में आयोजित हुई थी। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली थी। परीक्षा के बाद 27 फरवरी को बोर्ड ने प्रोविजनल आंसर-की जारी की थी, जिस पर अभ्यर्थियों से 100 रुपए शुल्क के साथ आपत्तियां मांगी गई थीं। सभी आपत्तियों के निस्तारण के बाद अब बोर्ड ने परिणाम जारी किया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रदेश में कुल 7759 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें लेवल-1 के 5636 पद और लेवल-2 के 2123 पद शामिल हैं। ऐसे चेक करें रिजल्ट