‘मैंने पत्नी को कभी पैसों के लिए परेशान नहीं किया था। मेरी 70 प्रतिशत संपत्ति उसके नाम थी। अब बच्चों को मेरे खिलाफ भड़काया जा रहा है। घटना वाले दिन पत्नी अनु मीणा से दो बार बात हुई थी। वह कोई गलत कदम उठाने की बात कह रही थी। तब पड़ोसी को उसे बचाने घर भेजा था। मैं पुलिस जांच में हर तरह से सहयोग करने को तैयार हूं। अगर निष्पक्ष जांच हुई तो “दूध का दूध और पानी का पानी” हो जाएगा।’ यह कहना है PWD में XEN (अधिशासी अभियंता) गौतम मीणा का। गौतम ने मंगलवार शाम एक वीडियो जारी किया है, जिसमें उसने यह बात कही है। गौतम की पत्नी अनु मीणा (36) ने 17 अप्रैल को सुसाइड कर लिया था। यह परिवार जयपुर के मुहाना थाना क्षेत्र के बालाजी विहार में रहता है। गौतम पर उनके ससुराल पक्ष ने पत्नी अनु को सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज करवा रखा है। इसके बाद से XEN का कुछ पता नहीं है। हालांकि यह बताया जा रहा है कि वह चौमूं (जयपुर) में अपने मूल निवास पर है। डीसीपी साउथ राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि मामले में एसीपी मानसरोवर की ओर से जांच की जा रही है। XEN ने वीडियो में क्या कहा, पढ़िए- पड़ोसी को पत्नी की जान बचाने भेजा था XEN ने वीडियो में कहा- ‘घटना वाले दिन 17 अप्रैल को मैं चौमूं की तरफ था। पत्नी से फोन पर दो बार बात हुई थी। वह गलत कदम उठाने की बात कह रही थी। तब मैंने अपने पड़ोसी दिग्विजय को फोन कर अनु को रोकने के लिए कहा था। पड़ोसी मौके पर पहुंचे, लेकिन गेट तोड़ने में थोड़ा समय लग गया। इस वजह से अनु की मौत हो गई।’ पत्नी के नाम थी 70 प्रतिशत संपत्ति गौतम मीणा ने कहा कि मेरी जिंदगी की 70 प्रतिशत संपत्ति अनु मीणा के नाम है। मैंने कभी पत्नी को रुपयों के लिए तंग नहीं किया था। जयपुर में पत्रकार कॉलोनी में 500 गज का प्लॉट पत्नी के नाम है। चौमूं में भी उसके नाम से प्लॉट लिया था। पिछले साल उसके जन्मदिन पर स्कोडा कार गिफ्ट की थी। आरोप लगाया- डीवीआर और गहने लेकर गए XEN ने बिना नाम लिए ससुराल पक्ष पर आरोप लगाया कि वे घर से डीवीआर और मां के गहने व अन्य जेवरात लेकर चले गए। पोस्टमॉर्टम के दिन भी कुछ लोग मौके पर नहीं पहुंचे थे। मेरी पत्नी का इंस्टाग्राम आईडी भी डिलीट कर दिया ताकि सच्चाई सामने न आ पाए। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुझे लगातार ब्लैकमेल किया जा रहा है। मेरे पास अब केवल बच्चे और नौकरी है। वे लोग मेरी नौकरी खाना चाहते हैं। … मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए- XEN के बच्चे बोले-पापा नौकरानी को हमारी मम्मी कहते थे:मां को जूतों से मारा,उनपर थूका; पति को वीडियो कॉल कर पत्नी ने किया था सुसाइड भास्कर टीम बच्चों के ननिहाल (गोपालपुरा बाईपास, त्रिवेणी नगर) पहुंची और XEN के बच्चों से बात की। (पढ़िए पूरी खबर) XEN पति बच्चे के सामने पीटता था,पत्नी ने किया सुसाइड:रसोई गैस चालू करके कमरे में बंद किया, मोबाइल में प्रताड़ित करने का वीडियो मिला