जोधपुर में एक दुकानदार को 25-30 बदमाशों ने लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से जमकर मारा। यह वारदात शहर के महामंदिर थाना इलाके में सोमवार देर रात करीब 10:51 बजे हुई। इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें बदमाश बेरहमी से युवक पर हमला करते नजर आ रहे हैं। महामंदिर थाना क्षेत्र के गली नंबर 5 निवासी ललित सांखला पिता पुखराज सांखला ने महामंदिर थाने में मामला दर्ज कराया है। इसमें बताया कि आरोपी लहूलुहान करने के बाद मरा हुआ समझकर युवक की सोने की चेन और नकदी भी लूट ले गए। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बाकी फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। पहले देखें PHOTOS दुकान बंद कर जाते समय पकड़कर किया हमला महामंदिर थाना क्षेत्र के गली नंबर-5 निवासी ललित सांखला पिता पुखराज सांखला ने पुलिस को रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें बताया कि सोमवार रात को मैं दुकान बंद जा रहा था। अचानक 25 से 30 बदमाश वहां आ धमके और मुझ पर हमला कर दिया। बदमाश मुझे घसीटते हुए पास वाली एक गली में ले गए। इसके बाद बदमाशों के झुंड ने मुझ पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया। मेरे जमीन पर गिरने के बाद भी बदमाश हमला करते रहते। सिर पर मारा पत्थर, चेन और नकदी लूटी पीड़ित की रिपोर्ट के अनुसार- बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से मुझ पर हमला किया। सिर पर बड़ा पत्थर दे मारा, जिससे मैं बुरी तरह लहूलुहान हो गए। हमलावर मुझे मरा हुआ समझकर मौके से भाग निकले। बदमाशों ने ललित के गले में पहनी सोने की चेन लूट ली। इसके अलावा उनकी जेब से 8 से 10 हजार रुपए भी ले गए। पीड़ित ने शिकायत में बताया- हमलावरों में युवराज निवासी हेमसिंह का कटला, दुष्यंत उर्फ चिंटू है। बाकी हमलावरों को मैं नहीं जानता। घटना के बाद पीड़ित के भाई और दोस्तों ने उसे गंभीर हालत में पावटा अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक इलाज के बाद उसे महात्मा गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां गंभीर इलाज के बाद अब उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिल गई है।
