बालोतरा जिले की कल्याणपुर पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी तय विवाह तिथि पर बारात लेकर नहीं पहुंचा, जिसके बाद पीड़िता ने पुलिस में मामला दर्ज कराया था। पुलिस ने तकनीकी सहायता और लगातार निगरानी के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। शादी का भरोसा देकर बनाए संबंध पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने अपनी रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2015 में उसकी सगाई एक युवक के साथ हुई थी। सगाई के बाद युवक का उसके घर आना-जाना शुरू हो गया था। इसी दौरान आरोपी ने शादी का भरोसा दिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि दोनों की शादी 21 अप्रैल को तय की गई थी। परिवार की ओर से विवाह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन तय तारीख पर आरोपी बारात लेकर नहीं पहुंचा। इसके चलते विवाह नहीं हो सका और पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार पीड़िता की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। महिला अत्याचार से जुड़े इस मामले को गंभीर मानते हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट और आसूचना संकलन के जरिए आरोपी की तलाश जारी रखी। इसके बाद आरोपी युवक को हिरासत में लिया गया। पूछताछ के बाद पुलिस ने उसे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की जांच जारी है।