श्रीगंगानगर में सोमवार देर रात को एक मेडिकल कारोबारी को किडनैप करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कार में सवार होकर आए पांच बदमाश मेडिकल संचालक को उठाकर ले गए और उसके साथ मारपीट की गई। घटना जवाहरनगर थाना क्षेत्र की है। जवाहरनगर थाने में दर्ज एफआईआर के अनुसार- 23 मई 2026 की रात करीब 2 बजे यह घटना हुई। कपिल जिंदल निवासी 52 आरबी (श्रीगंगानगर) का रहने वाला था और एसएसबी रोड क्षेत्र में मेडिकल चलाता था। वह (कपिल) अपनी पत्नी सुखजीत कौर के साथ पीरखाना रोड के पास शिव मंदिर के पीछे वाले मोहल्ले में किराए के मकान में रहता था। कपिल के मामा विनय कुमार निवासी पदमपुर (श्रीगंगानगर) ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया- सोमवार रात करीब दो बजे पांच युवक कार लेकर आए और कपिल को घर से जबरन उठाकर ले गए। जब परिजन मौके पर पहुंचे तो मकान में खून बिखरा पड़ा था। कपिल की पत्नी सुखजीत कौर भी घटना के समय गायब थी। बाद में वह लौटी और दावा किया कि किडनैपरों ने उसे रास्ते में छोड़ दिया। परिजनों ने सुखजीत कौर पर शक जताया है। आरोप है कि वह पूरे मामले में आरोपियों के साथ मिली हुई हो सकती है। फिलहाल जवाहरनगर थाना पुलिस ने अपहरण, मारपीट और आपराधिक षड्यंत्र का मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एसआई नरेश कुमार कर रहे हैं।