अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादरा हादरहेड़ा के पास चैनल नंबर 106+980 पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पहले थाई बीम से टकराई और उसके बाद सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही बड़ौदामेव थाना पुलिस और एनएचएआई की एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। थाना प्रभारी मोहन सिंह गुर्जर ने बताया कि पंजाब के फिरोजपुर जिले के मलकेई गांव निवासी चार युवक मध्यप्रदेश से काम खत्म कर पंजाब लौट रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार चालक को नींद की झपकी आने से वाहन अनियंत्रित हो गया और हादसा हो गया। हादसे में गुरप्रीत सिंह, सेवक सिंह और सुखविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संदीप सिंह पुत्र कश्मीर सिंह (27) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल संदीप ने पुलिस को बताया कि चारों युवक करीब दस दिन पहले पंजाब से हार्वेस्टर मशीन लेकर मध्यप्रदेश गेहूं कटाई के काम के लिए गए थे। काम पूरा होने के बाद मशीन वहीं छोड़कर कार से वापस पंजाब लौट रहे थे, तभी अलवर में यह हादसा हो गया। घायल संदीप को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ौदामेव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल अलवर रेफर कर दिया गया। अस्पताल में उसका उपचार जारी है। पुलिस ने तीनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद बुधवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा।