बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के पास नेशनल हाईवे-25 पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार थार गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में वाहन में सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। जानकारी के अनुसार, यह घटना रविवार शाम करीब 5 बजे हुई जब थार गाड़ी बालोतरा से जोधपुर की ओर जा रही थी। सरवड़ी के पास वाहन की तेज रफ्तार के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा। गाड़ी सड़क पर कई बार पलटी खाकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को वाहन से बाहर निकाला और कल्याणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद, डॉक्टरों ने पांचों घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त थार को हाईवे से हटवाकर यातायात सामान्य करवाया। प्रारंभिक जांच में हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार को बताया जा रहा है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
