सवाई माधोपुर के सर्किट हाउस रोड स्थित एक निजी गार्डन में शनिवार शाम समता आंदोलन समिति का स्थापना दिवस समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समिति से जुड़े सभी पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समता आंदोलन समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पाराशर नारायण शर्मा रहे। इस दौरान पत्रकार वार्ता का भी आयोजन किया गया। जिसमें समिति की विचारधारा और आगामी रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। पाराशर नारायण बोले,सभी आरक्षण संविधान विरोधी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष पाराशर नारायण शर्मा ने कहा कि समता आंदोलन समिति समाज में हर प्रकार के आरक्षण के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को समाज, राजनीति या सरकारी सेवाओं में अवसर उसकी क्षमता और योग्यता के आधार पर मिलना चाहिए। उनका मानना है कि चाहे सरकारी नौकरी हो, संसद हो, विधानसभा हो या समाज का कोई अन्य क्षेत्र, हर जगह प्रतिभा और मेहनत को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
उन्होंने अपने संबोधन में पदोन्नति में आरक्षण के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। शर्मा ने कहा कि इस विषय को लेकर उन्होंने लंबे समय तक मजबूत लड़ाई लड़ी है, जिसका प्रभाव उत्तर प्रदेश में देखने को मिला है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अब पदोन्नति में आरक्षण समाप्त कर दिया गया है और इसी प्रकार राजस्थान में भी इसे समाप्त करने के लिए प्रभावी कदम जल्द उठाए जाएंगे।
पाराशर नारायण शर्मा ने कहा कि समाज में समानता तभी स्थापित हो सकती है जब सभी को समान अवसर मिलें और किसी प्रकार का भेदभाव न हो। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आगे बढ़ने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने समिति के कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और समाज में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान समिति के अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार व्यक्त किए और संगठन की आगामी योजनाओं पर चर्चा की। सभा के अंत में सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
