बरनाला पुलिस ने नशा विरोधी अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक 14 टायरी ट्रक से 15 क्विंटल भुक्की चूरा पोस्त बरामद किया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।डीएसपी (डी) राजिंदर पाल ने बताया कि एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम के निर्देश पर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी। इसके आधार पर सीआईए स्टाफ के इंचार्ज इंस्पेक्टर बलजीत सिंह के नेतृत्व में एक टीम ने हंडियाया चौक के पास विशेष नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान, पुलिस ने एक 14 टायरी ट्रक को रोका। तलाशी लेने पर ट्रक से 60 बोरियों में भरा कुल 15 क्विंटल भुक्की चूरा पोस्त बरामद हुआ। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान मोगा के धरमकोट निवासी बलजिंदर सिंह उर्फ जिंदा और लुधियाना के कुस्से निवासी सुखदेव सिंह उर्फ सुखचैन सिंह के रूप में हुई है। आरोपी बलजिंदर का पुराना आपराधिक इतिहास पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बलजिंदर सिंह उर्फ जिंदा का पुराना आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ 2011 और 2015 में एनडीपीएस एक्ट के तहत, जबकि 2014 में हत्या के आरोप में मामले दर्ज हैं। दूसरे आरोपी सुखदेव सिंह का कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। इस बरामदगी के बाद थाना सिटी बरनाला में दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों से गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहाँ से लाया गया था और पंजाब में इसकी आपूर्ति किन लोगों को की जानी थी। अधिकारियों को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में नशे के इस नेटवर्क से जुड़े कई और बड़े और अहम खुलासे होने की संभावना है।
