पंजाब में स्थानीय निकाय चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पंजाब के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुभाष शर्मा ने नंगल नगर कौंसिल चुनाव प्रक्रिया में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (आप) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग और बड़े पैमाने पर फर्जी वोट बनाने का आरोप लगाया है। डॉ. शर्मा ने यह जानकारी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर साझा की और पंजाब के मुख्य चुनाव आयुक्त को शिकायत पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। ‘हर वार्ड में फर्जी वोट जोड़े गए’ डॉ. शर्मा ने बताया कि नंगल चुनाव में अब केवल 4 दिन शेष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में जारी सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट से यह स्पष्ट है कि हर वार्ड में बड़ी संख्या में फर्जी वोट जोड़े गए हैं। उनके अनुसार, आसपास के गांवों के ‘आप’ कार्यकर्ताओं के वोट नंगल शहर के वार्डों में दर्ज कराए गए हैं। भाजपा नेता ने चुनाव आयोग से इन फर्जी वोटों को तुरंत हटाने की मांग की है। बूथ कैप्चरिंग की आशंका भी जताई भाजपा नेता ने यह भी कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बावजूद नंगल में खुलेआम नए टेंडर जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने मतदान के दिन बूथ कैप्चरिंग की आशंका भी जताई। डॉ. शर्मा ने चुनाव आयोग से मतदान के दिन भारी सुरक्षा बल और एक निष्पक्ष केंद्रीय एजेंसी तैनात करने की अपील की है ताकि चुनाव निष्पक्ष तरीके से संपन्न हो सकें।