अधिक मास में आयोजित पावन बृज 84 कोस परिक्रमा के दौरान राजस्थान सरकार के गृह, गोपालन, पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य विभाग के राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने गुरुवार को परिक्रमा मार्ग का सघन दौरा कर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने सहायता केंद्रों, आश्रय स्थलों और प्याऊ पर पहुंचकर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लिया तथा अधिकारियों को दो दिन के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला कलेक्टर मयंक मनीष भी उनके साथ मौजूद रहे।
श्रद्धालुओं से आत्मीय संवाद, जानी समस्याएं गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए परिक्रमार्थियों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी और यात्रा के अनुभवों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि बृज 84 कोस भगवान श्रीकृष्ण की पावन क्रीड़ा स्थली है और पुरुषोत्तम मास में इस परिक्रमा का विशेष आध्यात्मिक महत्व होता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की मंशा है कि लाखों श्रद्धालुओं को शुद्ध पेयजल, निर्बाध बिजली, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षित आश्रय स्थलों की समुचित व्यवस्था मिले, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश निरीक्षण के दौरान गृह राज्य मंत्री ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ निजी और सरकारी सहायता स्थलों का दौरा किया। उन्होंने परिक्रमा मार्ग के प्रमुख पड़ावों पर व्यवस्थाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए। विकास अधिकारी डीग को दिदावली प्रवेश द्वार को भव्य रूप से सजाने और वहां स्थापित प्याऊ की व्यवस्थाओं को और बेहतर करने के निर्देश दिए गए। वहीं, गुहाना में परिक्रमार्थियों के विश्राम के लिए पर्याप्त टेंट और गद्दों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
भीषण गर्मी से राहत के लिए विशेष इंतजाम टांकोली स्थित आश्रय स्थल में खिड़कियों को ढकवाने के निर्देश दिए गए, ताकि परिक्रमार्थियों को तेज गर्मी और लू से राहत मिल सके। साथ ही वहां चिकित्सा विभाग की टीम की स्थायी नियुक्ति सुनिश्चित करने और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए राजस्व एवं कृषि विभाग के कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अतिरिक्त खोह में पेयजल व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया तथा सभी आश्रय स्थलों पर टेंट, दरी और कूलर की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
आदिबद्री धाम सहित प्रमुख स्थलों का किया निरीक्षण गृह राज्य मंत्री बेढ़म ने आदिबद्री धाम पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने लक्ष्मण झूला, यमुनोत्री और गंगोत्री सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर जाकर श्रद्धालुओं के लिए छाया, भोजन और ठहरने की सुविधाओं का जायजा लिया। सेवा भाव से श्रद्धालुओं के पैरों में लगाई मेहंदी निरीक्षण के दौरान गृह राज्य मंत्री का संवेदनशील और सेवा भाव से भरा रूप भी देखने को मिला। डीग फायर स्टेशन स्थित सहायता केंद्र पर उन्होंने परिक्रमार्थियों से आत्मीय संवाद किया और स्वयं उनके पैरों में मेहंदी लगाई। उन्होंने श्रद्धालुओं के सुखद और शांतिपूर्ण यात्रा की कामना करते हुए आमजन से भगवान श्रीकृष्ण का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की।