अमृतसर एयरपोर्ट पर DRI यानी डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक विदेशी महिला यात्री से भारी मात्रा में अमेरिकी डॉलर बरामद किए हैं। जानकारी के मुताबिक उज्बेकिस्तान की रहने वाली महिला यात्री अमृतसर से दुबई जाने वाली फ्लाइट में सफर करने वाली थी। इसी दौरान डीआरआई टीम ने शक के आधार पर उसके चेक-इन बैगेज की जांच की। तलाशी के दौरान अधिकारियों को बैग से 40 हजार अमेरिकी डॉलर मिले। बरामद विदेशी करंसी की भारतीय कीमत करीब 38 लाख 73 हजार रुपए बताई जा रही है। जांच के दौरान महिला यात्री इस रकम से जुड़े जरूरी दस्तावेज और वैध अनुमति पेश नहीं कर सकी। इसके बाद डीआरआई अधिकारियों ने कस्टम एक्ट 1962 के तहत पूरी विदेशी मुद्रा जब्त कर ली। डीआरआई की पूछताछ जारी, जांच गहराई से शुरू सूत्रों के मुताबिक एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इतनी बड़ी रकम कहां से लाई गई थी और इसे दुबई क्यों ले जाया जा रहा था। अधिकारियों को शक है कि मामला हवाला नेटवर्क या अवैध विदेशी मुद्रा लेन-देन से जुड़ा हो सकता है। फिलहाल महिला यात्री से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। एयरपोर्ट्स पर निगरानी और सख्त की गई डीआरआई का कहना है कि एयरपोर्ट्स पर लगातार निगरानी बढ़ाई जा रही है ताकि विदेशी मुद्रा की तस्करी और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जा सके। आने वाले दिनों में जांच के दौरान कई अहम खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल इस मामले में जांच एजेंसियां हर पहलू से जांच कर रही हैं।
