नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर अलवर से है। यहां खेलते-खेलते 2 बहनें कार में बैठ गईं और अंदर बंद हो गई। गेट नहीं खुलने के कारण दोनों बच्चियों का दम घुट गया। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. मां ने 8 महीने की बेटी को तेजाब पिलाकर मारा
खैरथल-तिजारा जिले के भिवाड़ी में मां ने अपनी 8 महीने की बेटी को एसिड पिला दिया। 2 दिन बाद इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ दिया। पति ने कहा- पत्नी पीहर जाने की जिद कर रही थी, मना करने पर उसने बेटी को आधा गिलास एसिड पिला दिया, जिसके कारण उसकी आंतें फट गई। पूरी खबर पढ़ें 2. जयपुर में सरस दूध 2 रुपए प्रति लीटर महंगा
जयपुर डेयरी ने सरस दूध के दाम 2 रुपए प्रति लीटर बढ़ा दिए हैं। इसके अलावा छाछ, दही और लस्सी की कीमतें में भी बढ़ाई है। बढ़ी हुई कीमतें 21 मई की शाम को मिलने वाली सप्लाई से लागू होगी। 13 मई को अमूल डेयरी ने भी दूध की कीमतें 2 रुपए बढ़ाई थी। पूरी खबर पढ़ें 3. वन विभाग की टीम के सामने लेपर्ड को मार डाला
भरतपुर जिले के सीता गांव में ग्रामीणों ने घर में घुसे लेपर्ड को वन विभाग की टीम के सामने लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मार डाला। यही नहीं, ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम और पुलिस की मौजूदगी में लकड़ियों पर शव रखकर आग लगा दी। हालांकि टीम ने आग से निकालकर शव को कब्जे में ले लिया। पूरी खबर पढ़ें 4. नागपुर से चोरी 4 करोड़ के लैपटॉप-टैबलेट बरामद
डीग जिले की पहाड़ी थाना पुलिस ने नागपुर (महाराष्ट्र) से चोरी करोड़ों रुपए के लैपटॉप और टैबलेट एक आरोपी से बरामद किए हैं। कंटेनर ड्राइवर के साथ मिलकर 7 लोगों ने 641 लैपटॉप-टैबलेट चोरी किए गए थे। 176 टैबलेट और लैपटॉप अभी बरामद नहीं हुए हैं। पूरी खबर पढ़ें 5. खेलते-खेलते कार में बंद हुईं 2 बहनों की मौत
अलवर शहर में खेलते-खेलते 2 बहनें कार रिपेयरिंग सेंटर पर खड़ी खराब कार में बैठ गईं और अंदर बंद हो गई। गेट नहीं खुलने के कारण दोनों बच्चियों का दम घुट गया। कुछ देर बाद परिजनों ने तलाश की तो कार में बेहोशी की हालत में मिली। अस्पताल में डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. 14 साल की बच्ची को नदी में खींच ले गया मगरमच्छ
धौलपुर जिले के राजघाट गांव में 14 साल की बच्ची को मगरमच्छ चंबल नदी में खींच ले गया। इस दौरान वहां मौजूद दूसरी लड़कियां घबरा गईं और शोर मचाने लगी। आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने बच्ची को मगरमच्छ से छुड़ाया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। पूरी खबर पढ़ें 7. हीट वेव से युवक की तबीयत बिगड़ी, पेट्रोल पंप पर पानी छिड़का
राजस्थान में गर्मी और लू का असर तेज हो गया है। अजमेर में हीट वेव के चलते एक युवक की तबीयत बिगड़ गई। जब उसे स्पताल लाया गया तो शरीर गर्म था। इसके बाद इमरजेंसी में आइस पैक से शरीर को ठंडा किया गया। जयपुर में गर्मी से बचने के लिए पेट्रोल पंप पर पानी का छिड़काव किया गया। पूरी खबर पढ़ें 8. एग्जाम देने जा रही महिला को डंपर ने कुचला, मौत
झुंझुनूं में तेज रफ्तार डंपर ने स्कूटी सवार पति-पत्नी को कुचल दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। पति की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसे जयपुर रेफर किया गया है। युवक पत्नी को एग्जाम दिलाने जा रहा था। हादसे के बाद डंपर ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. बाघ ने चौथ परिक्रमा को डेढ़ घंटे तक रोका
रणथंभौर में बाघ के कारण जोगी महल के गेट से त्रिनेत्र गणेश मंदिर तक निकलने वाली चौथ परिक्रमा को डेढ़ घंटे तक रोका गया। इस दौरान श्रद्धालुओं की भीड़ लग गई। बाघ गणेश परिक्रमा मार्ग पर आ गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और रास्ते को बंद कर श्रद्धालुओं को रोक दिया। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. कल मनाया जाएगा गोडावण दिवस
मुख्यमंत्री की बजट घोषणा के तहत 21 मई को पहली बार राज्य पक्षी गोडावण के संरक्षण को समर्पित ‘गोडावण दिवस’ मनाया जाएगा।
