जालोर में इनकम टैक्स ऑफिसर के इकलौते डॉक्टर बेटे ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मां सब्जी लेकर लौटी तो बेटे ने गेट नहीं खोला, पड़ोसियों को बुलाया और गेट तोड़कर घर में घुसे तो युवक फंदे पर लटक रहा था। परिजन युवक को फंदे से उतारकर हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना शिवाजी नगर में बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी के बाहर पति-पत्नी एक-दूसरे को संभालते रहे। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि परिजनों ने किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करवाया है। हेड कॉन्स्टेबल मांगीलाल ने बताया- राजेश भाटी इनकम टैक्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत हैं। वे पाली के न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के रहने वाले हैं और फिलहाल पोस्टिंग जालोर में होने के कारण यहीं शिवाजी नगर में किराए के घर में रहते हैं। जानकारी के अनुसार- बुधवार सुबह राजेश भाटी ऑफिस चले गए। जबकि उनका बेटा ऋषभ भाटी (25) और पत्नी घर पर ही थे। इस बीच महिला दोपहर में सब्जी लेने बाजार गई। दोपहर डेढ़ बजे लौटी तो घर का गेट अंदर से बंद मिला। महिला ने आवाज लगाई, लेकिन कोई हलचल नहीं हुई। इसके बाद पहली मंजिल पर रहने वाले मकान मालिक के परिवार और पड़ोसियों को बुलाया गया। गेट तोड़कर घर में घुसे। इस दौरान घर में ऋषभ फंदे से लटक रहा था। यह देखकर महिला चीखने लगी और मौजूद लोगों की मदद से युवक को उतारकर जालोर के सामान्य हॉस्पिटल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि ऋषभ ने उदयपुर के एक मेडिकल कॉलेज से हाल ही में एमबीबीएस की पढ़ाई पूरी की थी। उसकी एक बहन भी है, जो कोटा में पढ़ाई करती है।
