फरीदकोट जिले में नगर काउंसिल चुनावों के मतदान से पहले ही सत्ताधारी आम आदमी पार्टी को बढ़त मिली है। नामांकन पत्रों की जांच के बाद नगर काउंसिल कोटकपूरा और जैतो में आम आदमी पार्टी के कुल 9 उम्मीदवार निर्विरोध विजेता घोषित हुए हैं। इन उम्मीदवारों के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरे अन्य प्रत्याशियों के नामांकन पत्र रद्द होने के बाद यह स्थिति बनी। जानकारी के अनुसार नगर काउंसिल फरीदकोट में नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी 25 वार्डों में 2 या इससे अधिक उम्मीदवार मैदान है जबकि कोटकपूरा में आम आदमी पार्टी को दो वार्डों में निर्विरोध जीत मिली है। वार्ड नंबर 22 से पार्टी उम्मीदवार गुरप्रीत सिंह गैरी वड़िंग तथा वार्ड नंबर 23 से उम्मीदवार पूजा रानी पत्नी मनप्रीत शर्मा काकू बिना मुकाबले विजेता घोषित हुए हैं। जैतो में 7 आप उम्मीदवार निर्विरोध विजेता बने इनके मुकाबले मैदान में उतरे एक-एक उम्मीदवार के नामांकन रद्द हुए है। वहीं जैतो नगर काउंसिल में आम आदमी पार्टी के 7 उम्मीदवार निर्विरोध विजेता बने हैं। इनमें वार्ड नंबर 1 से प्रीतम कौर, वार्ड नंबर 3 से नरेंद्र सिंह, वार्ड नंबर 4 से लखविंदर सिंह बराड़, वार्ड नंबर 6 से बेअंत सिंह राजू, वार्ड नंबर 11 से निर्मला देवी, वार्ड नंबर 13 से प्रियंका गर्ग तथा वार्ड नंबर 14 से प्रवीण गर्ग शामिल हैं। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार अब फरीदकोट के सभी 25 वार्डों, कोटकपूरा के 29 में से शेष 27 वार्डों तथा जैतो के 17 में से 10 वार्डों के लिए 26 मई को मतदान कराया जाएगा। उधर पंजाब विधानसभा स्पीकर कुलतार सिंह संधवां तथा जैतो से विधायक अमोलक सिंह ने विजेता उम्मीदवारों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि नगर काउंसिल चुनावों में आम आदमी पार्टी के उम्मीदवारों का बिना मुकाबला विजेता बनना जनता के विश्वास और पार्टी की नीतियों के प्रति बढ़ते समर्थन का संकेत है। उन्होंने कहा कि सरकार के विकास, जनकल्याण योजनाओं और स्थानीय स्तर पर किए गए कार्यों का सकारात्मक असर लोगों के बीच दिखाई दे रहा है, जिसके चलते पार्टी को चुनावों में अच्छा समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी के बाकी उम्मीदवार भी शानदार जीत अर्जित करेंगे।
