राजस्थान में शनिवार को गर्मी सामान्य रही। अधिकांश शहरों का अधिकतम तापमान सामान्य या उससे थोड़ा नीचे दर्ज हुआ। सीकर, हनुमानगढ़, जालोर, सिरोही में तापमान 40 डिग्री सेल्सिसस से नीचे रहा। बीकानेर, चूरू, बाड़मेर, जैसलमेर में अधिकतम तापमान 40 से 43 डिग्री सेलिसयस के बीच दर्ज हुआ। मौसम विभाग ने राज्य में अगले सप्ताह से गर्मी तेज होने की संभावना जताई है। वहीं, रविवार को राज्य के 8 जिलों में हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में मौसम की तस्वीर… ये जिले सबसे गर्म रहे कैसा रहा 24 घंटे में मौसम: सिरोही, उदयपुर, राजसमंद, अजमेर के एरिया में दिन में धूप थोड़ी कमजोर रही, जबकि पश्चिमी राजस्थान के जिले बाड़मेर, जैसलमेर, फलोदी, जोधपुर में तेज धूप रही। इन जिलों में हीटवेव का भी असर रहा। शनिवार को सबसे ज्यादा गर्मी फलोदी में रही, जहां का अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बाड़मेर में अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री रहा। आगे कैसा रहेगा मौसम: मौसम केंद्र के अनुसार 4 दिन तक बारिश की संभावना नहीं है। हीटवेव के साथ गर्मी भी बढ़ेगी। राज्य के अधिकतर जिलों में मौसम साफ रहेगा और अधिकतम तापमान तेजी से बढ़ने की आशंका है। राजस्थान के बड़े शहरों में कैसा रहा मौसम जयपुर: शनिवार को दिनभर तेज गर्मी रही। तापमान में 1.7 डिग्री की बढ़ोतरी हुई। जयपुर में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, रात का न्यूनतम तापमान भी बढ़कर 28.8 डिग्री सेल्सियस पर दर्ज हुआ। जयपुर में अगले तीन-चार दिन इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान है। जोधपुर: शहर में शनिवार को हल्के बादल छाए रहे। तापमान में भी गिरावट देखने को मिली। लेकिन उमस की वजह से लोग परेशान होते रहे। जोधपुर में फिलहाल दिन का तापमान 40 डिग्री से ऊपर ही रिकॉर्ड हो रहा है। वहीं, न्यूनतम तापमान 30 डिग्री के करीब है। कोटा: दिनभर चली गर्म हवा से लोग परेशान रहे। लू से बचने के लिए लोग कपड़ों से मुंह ढककर निकलने को मजबूर हैं। शाम को धूप से थोड़ी राहत मिली। वहीं, उमस बढ़ने लगी। रात का पारा दो डिग्री बढ़कर 30 डिग्री तक पहुंच गया है। अजमेर: अजमेर में रविवार को दोपहर का तापमान 40 डिग्री से ज्यादा दर्ज हुआ। शहर की सड़कों पर पानी का छिड़काव किया गया। इसके लिए अग्निशमन विभाग के कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं, जो दमकल गाड़ियों से मुख्य सड़कों पर पानी छिड़क रहे हैं। भीषण गर्मी के कारण अस्पताल में आने वाले मरीज और परिजन भी परेशान हैं। जेएलएन अस्पताल में गर्मी से राहत पाने के लिए मरीजों के परिजन घर से फैन लाने को मजबूर हैं। उदयपुर: तेज धूप के कारण गर्मी का असर है। पर्यटन स्थल खाली दिख रहे हैं। रविवार दोपहर फतहसागर झील किनारे घोड़े-ऊंट वाले पर्यटकों का इंतजार करते दिखे। वहीं बोटिंग पॉइंट्स पर एक-दो लोग ही आते-जाते दिखे। अलवर: तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना हुआ है। शनिवार को दिन के समय गर्म हवा का भी असर रहा। जिले का दिन का तापमान 43 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने अगले दो दिन मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। इस कारण धूप तेज होने से गर्मी का असर बढ़ सकता है। सीकर: शनिवार सुबह से आसमान साफ होने के कारण तेज धूप निकली। दिनभर उमस रही। सीकर में अगले 4 दिन मौसम ड्राई रहेगा और अब फिलहाल गर्मी से कोई राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिन का तापमान 41.0 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री दर्ज किया गया।

You missed