भीलवाड़ा की अलग-अलग सुनसान सड़कों पर दो दिन रात 9 से 3 बजे तक महिलाएं और छात्राएं अकेली खड़ी हुई तो लिफ्ट देने के लिए मनचले आ गए। मनचलों ने सीटियां बजाईं और अश्लील कमेंट किए। शराब के नशे में धुत मनचलों ने महिलाओं को भी शराब पीने का ऑफर दिया। एक महिला को लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठा लिया। मना करने के बाद भी छेड़छाड़ जारी रही तो सादा कपड़ों में खड़ी महिला पुलिसकर्मियों ने बैकअप टीम को इशारा किया। देखते- देखते ही 2 दिनों में 18 मनचलों को गिरफ्तार किया गया। छेड़छाड़ करने वाले 5 नाबालिग भी पकड़े गए। मामला भीलवाड़ा शहर का है, जहां दो दिन(गुरुवार-शुक्रवार) आधी रात को एसपी धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर ‘ऑपरेशन मजनू’ चलाकर मनचलों की धरपकड़ की गई। ऑपरेशन मजनू के तहत कार्रवाई
‘महिला सुरक्षा संकल्प अभियान’ के तहत भीलवाड़ा एसपी धर्मेंद्र सिंह ने शहर में ‘ऑपरेशन मजनू’ की शुरुआत की। दिन में भीड़ भरे चौराहों, पार्कों, बस स्टैंड के साथ ही आधी रात में सुनसान जगहों पर प्रशिक्षु आरपीएस के साथ 18 महिला पुलिसकर्मी रात 9 से तड़के 3 बजे तक शहर के अलग अलग एरिया में सड़कों पर घूमी। आरपीएस(प्रोबेशनर) डॉ. नेहा राव के नेतृत्व में टीम बनाई गई। टीम में शामिल महिला पुलिसकर्मी शहर के पार्क, बस स्टैंड, मॉल, कोचिंग संस्थानों के बाहर, सुनसान रास्तों और कम भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंची। वे दिन के समय स्कूल-कॉलेज के बाहर छात्राएं बनकर खड़ी हुईं और रात के समय सादे कपड़ों में आम महिला का रूप धारण किया। स्कूटी खराब होने का बहाना बनाकर खड़ी हुई
महिला पुलिसकर्मी ने कुछ स्थानों पर स्कूटी खराब होने का बहाना किया, तो कहीं बस के इंतजार के बहाने सिविल ड्रेस में खड़ी रहीं। अकेली महिला को देखकर मनचलों ने छेड़छाड़ की। मना करने के बाद भी मनचले छेड़छाड़ करते रहे, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने बैकअप टीम को इशारा किया। आसपास सादे कपड़ों में मौजूद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर अलग-अलग जगह से 18 मनचलों को मौके पर ही पकड़ लिया। इसके साथ ही छेड़छाड़ करने वाले 5 नाबालिगों को भी पकड़ा। हालांकि नाबालिगों को सख्त हिदायत और समझाइश के बाद छोड़ दिया गया। एसपी धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं को परेशान करने वाले, अभद्र व्यवहार करने वाले या असुरक्षा का माहौल पैदा करने वाले असामाजिक तत्वों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। भीलवाड़ा पुलिस महिलाओं के सम्मान की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है और ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। मनचलों को सिखाएंगे सबक
आरपीएस नेहा राव ने बताया कि महिला सुरक्षा से संबंधित टास्क दिया गया था। ऐसे में महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ही हमनें यह प्रयास किया था। हमने एक मैसेज देने की कोशिश की। पुलिस हर वक्त बच्चियों की सुरक्षा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि कहीं भी इस प्रकार की कोई छेड़खानी या महिला संबंधित अपराध हो तो तुरंत 112 पर कॉल करें। हमारी कलिका यूनिट टीम को बताएं और संबंधित थाने को सूचना दें। राजस्थान पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हमेशा तत्पर है। इस ऑपरेशन से हम यही मैसेज देना चाहते हैं कि कोई भी मनचला अगर किसी महिला या लड़की को छेड़े तो पुलिस उसे सबक सिखायेगी। जहां महिलाओं का आना-जाना, वहां हमारी ड्यूटी
कालिका टीम की प्रांजल विजयवर्गीय ने बताया कि जिले में 20 कालिका यूनिट मेंबर काम कर रही है। भीलवाड़ा शहर में गर्ल्स कॉलेज, बॉयज कॉलेज और सार्वजनिक स्थान, जहां महिलाओं का ज्यादा आना जाना रहता है, वहां मनचले छेड़छाड़ कर सकते हैं। हमारी ड्यूटी वहीं रहती है और हम लगातार मनचलों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे। इसके अलावा हमारी टीम के सदस्य स्कूल और कॉलेज में भी जाते हैं। बच्चियों को बताते है कि कोई परेशानी हो या कोई छेड़छाड़ करें तो हमें बताएं। हमने एक पर्सनल ग्रुप भी बना रखा है। इसमें महिलाओं को बताते है कि वो अपनी प्रॉब्लम भी शेयर करें, हम इसमें प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखते हैं। उन्हें राजकॉप एप के बारे में बताते हैं कि अपनी समस्या का सॉल्यूशन घर बैठ कैसे पा सकते हैं। इन्हें किया गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि कार्रवाई के तहत विभिन्न थाना क्षेत्रों से डालचंद बैरवा (गुलमंडी), कुलदीप (संजय कॉलोनी), ऋषभ (आस्था एन्क्लेव), सुरेश कुमार (कांवलास), राकेश साहू (ब्यावर), तेजू (बोरड़ा बावरियान), सुनील कुमार (हनुमाननगर), राहुल (पिपलाज, ब्यावर), निखुल लखारा (सुभाषनगर), मुरली तंबोली और जीतू गुर्जर (आरके कॉलोनी), अनिरुद्ध सिंह गुर्जर (छोटी), कानालाल गुर्जर (मंडपिया), केदार जाट (सरदारपुरा), गोविंद यादव, दौलत सिंह व सांवर बैरवा (जोधड़ास) और पवन मारू (कांवाखेड़ा) को गिरफ्तार किया है।