जालंधर में लेदर कॉम्प्लेक्स एरिया में एक खड़े ट्रक के पास संदिग्ध परिस्थितियों में 30 से 35 साल के एक व्यक्ति की शव बरामद हुई है। मृतक की पहचान गुरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो अनमोल ट्रांसपोर्ट में बतौर ड्राइवर था। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर हड़कंप मच गया। ट्रांसपोर्टर और पुलिस को सूचित किया गया, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती कयासों में कुछ लोग इसे आत्महत्या मान रहे हैं, वहीं ट्रक मालिक का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी। मृतक शादीशुदा था और अपने पीछे तीन बच्चे छोड़ गया है। ट्रक के मालिक सावन मेहता ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि जैसे ही उन्हें इस बात का पता चला, वे तुरंत मौके पर पहुंचे। जब वे घटना स्थल पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि उक्त युवक ट्रक के पास नीचे गिरा हुआ था। सावन मेहता के अनुसार, शुरुआती तौर पर यह कहना बेहद मुश्किल है कि युवक की मौत किन कारणों से हुई है। मृतक की पहचान गुरजीत सिंह के रुप में हुई ट्रक मालिक सावन मेहता ने मृतक की पहचान बताते हुए कहा कि उसका नाम गुरजीत सिंह था। गुरजीत ने तकरीबन 7 से 8 दिन पहले ही उनकी ‘अनमोल ट्रांसपोर्ट’ कंपनी में बतौर ट्रक ड्राइवर नौकरी शुरू की थी। आज दोपहर को उसे लेदर कॉम्प्लेक्स एरिया में सामान को लोड या अनलोड करने यानी ट्रांसपोर्ट करने का ऑर्डर मिला था। सावन मेहता ने बताया कि घटना से महज 15 मिनट पहले ही उनकी गुरजीत सिंह से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। सब कुछ ठीक-ठाक लग रहा था। लेकिन इस बातचीत के कुछ ही देर बाद उन्हें लेदर कॉम्प्लेक्स में काम करने वाली लेबर (मजदूरों) का फोन आया। लेबर ने बताया कि ड्राइवर गुरजीत सिंह ट्रक के पास नीचे गिरा हुआ है और हिल-डुल नहीं रहा है।
दो से ढाई बजे के बीच गाड़ी लेकर निकले ड्राइबर ट्रांसपोर्टर ने बताया कि गुरजीत दोपहर को तकरीबन दो से ढाई बजे के बीच ही अनमोल ट्रांसपोर्ट के दफ्तर से गाड़ी लेकर निकला था। इतने कम समय में अचानक ऐसा क्या हुआ, यह हर किसी के लिए एक बड़ा रहस्य बना हुआ है। गुरजीत ने फंदा लगाकर आत्महत्या की वहां मौजूद कुछ स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों द्वारा यह अंदेशा जताया जा रहा है कि शायद गुरजीत ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है और बाद में वह नीचे गिर गया। हालांकि, इस दावे को पूरी तरह से स्वीकार न करते हुए सावन मेहता ने कहा कि अभी किसी भी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। उन्होंने कहा कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह साफ हो पाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही इस दुखद घटना के बाद अनमोल ट्रांसपोर्ट के प्रबंधन द्वारा मृतक गुरजीत सिंह के परिवार को तुरंत सूचित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, गुरजीत शादीशुदा था और उसके तीन छोटे बच्चे हैं। पिता की अचानक हुई इस मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस मामले की गहनता से तफ्तीश कर रही है।
