खैरथल-तिजारा जिले के मुंडावर थाने में हेड कॉन्स्टेबल (मालखाना इंचार्ज) को गोली लग गई। हथियारों की जांच करते समय पिस्टल से फायर हो गया और गोली सिर के आर-पार हो गई। आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मालखाने में पहुंचे। हेड कॉन्स्टेबल खून से लथपथ हालत में फर्श पर गिरे हुए थे। साथी पुलिसकर्मी उनको मुंडावर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में भर्ती कराया, जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल, बहरोड़ के पार्क हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। हथियारों की जांच करते समय चली गोली
एएसपी जया सिंह ने बताया- हेड कॉन्स्टेबल हरपाल सिंह (50) मुंडावर थाने के मालखाना इंचार्ज हैं। शुक्रवार को दोपहर करीब 12 बजे मालखाने में अकेले हथियारों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान एक पिस्टल से अचानक गोली चल गई और हेड कॉन्स्टेबल के सिर के आर-पार हो गई। गोली की आवाज सुनकर अन्य पुलिसकर्मी मालखाने में पहुंचे, तो हरपाल सिंह खून से लथपथ हालत में फर्श पर गिरे हुए थे। उनकी सांसें चल रही थी। उनको तुरंत मुंडावर सीएचसी में भर्ती कराया गया,. जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। राइट साइड से घुसी गोली, लेफ्ट से निकली
पार्क हॉस्पिटल के चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर (COO) डॉ. प्रदीप मलिक ने बताया- मुंडावर थाने के हेड कॉन्स्टेबल हरपाल सिंह को बेहोशी की हालत में हमारे पास दोपहर करीब 12:30 बजे लाया गया था। उनकी सांसें चल रही थी। यहां टीम ने तुरंत उनका इलाज शुरू किया। जांच के बाद पता चला कि पेशेंट के सिर में गोली लगी है, उसके एंट्री और एग्जिट पॉइंट दोनों थे। गोली राइट साइड से घुसी थी और लेफ्ट साइड से निकली है। अभी पेशेंट की कंडीशन काफी क्रिटिकल है, उन्हें ऑपरेशन थिएटर (OT) में शिफ्ट किया गया है। FSL टीम ने घटनास्थल से सबूत जुटाए
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी जया सिंह और डीएसपी लाल सिंह सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया और संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की। FSL टीम ने मौके से ब्लड के सैंपल, फुट और फिंगर प्रिंट जैसे सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया- प्रारंभिक जांच में हथियार जांच के दौरान दुर्घटनावश गोली चलने का मामला लग रहा है। पुलिस मामले की गंभीरता से और सभी एंगल से जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि गोली तकनीकी खराबी के कारण चली या किसी लापरवाही की वजह से यह हादसा हुआ।

You missed