उदयपुर में पानी से भरी खदान में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया, दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन वे बचा नहीं सके। इसके बाद सभी दोस्त घर आकर सो गए। हादसे के बारे में किसी को कुछ नहीं बताया। घटना के अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई। हादसा बुधवार को सुखेर थाना क्षेत्र में कुकड़ेश्वर महादेव स्थित मेवाड़ माइंस की खदान में हुआ। गुरुवार को पुलिस को खदान में तलाशी में कुछ नहीं मिला। शुक्रवार को करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार गोताखोरों ने 35 फीट गहराई से शव को ढूंढ निकाला। तरुण को तैरना नहीं आता था। सुखेर थाना अधिकारी ने बताया कि कुकड़ेश्वर महादेव स्थित मेवाड़ माइंस की खदान में नहाते वक्त तरुण गमेती (20) की मौत हो गई। तरुण शोभागपुरा का रहने वाला था। तरुण अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। वह 2 दिन पूर्व अपने 4-5 दोस्तों के साथ पार्टी मनाने के लिए कुकड़ेश्वर महादेव गया था, जहां सभी दोस्त पास ही खदान में नहाने के लिए चले गए थे। तरुण को तैरना नहीं आता था। दोस्तों ने किसी को नहीं बताया सुखेर थाना अधिकारी भरत योगी ने बताया- ऐसे में नहाने का प्रयास करते हुए वह अचानक गहराई में उतर गया। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन बचा नहीं पाए। सभी दोस्त घर आ गए और उस दिन किसी को नहीं बताया। फिर दूसरे दिन उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद परिजनों को जानकारी दी गई। सिविल डिफेंस टीम में गोताखोर विजय नकवाल, भवानी शंकर वाल्मीकि, रवि शर्मा, नरेश चौधरी, विपुल चौधरी आदि शामिल थे। गुरुवार को सिविल डिफेंस की टीम ने रेस्क्यू कर शव की तलाश की थी, लेकिन कामयाबी नहीं मिली थी। शुक्रवार को वापस रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब 4 घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार गोताखोरों ने 35 फीट गहराई से शव को ढूंढ निकाला। शव को सुखेर थाना पुलिस को सुपुर्द किया गया, जिसे एमबी हॉस्पिटल में शिफ्ट कराया गया।