बठिंडा की केंद्रीय जेल में तीन हवालातियों ने जेल सुपरिटेंडेंट दलवीर सिंह पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में उन्हें बचाने आया उनका गनमैन गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर 5 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। यह घटना तब हुई जब जेल सुपरिटेंडेंट दलवीर सिंह जेल के अंदर मौजूद थे। अचानक तीन हवालातियों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों के हाथों में तीखी और नुकीली चीजें थीं, जिनसे वे जेल अधिकारी पर वार करने लगे। बचाव में आया गनमैन घायल अपने अधिकारी को खतरे में देख, उनका सरकारी गनमैन बचाव करने के लिए आया। आरोपियों ने गनमैन पर भी धारदार हथियारों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जेल स्टाफ ने तुरंत बीच-बचाव कर हमलावर हवालातियों को काबू किया। घायल गनमैन को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जेल के भीतर सरकारी ड्यूटी पर तैनात अधिकारी पर हुए इस हमले की सूचना मिलते ही थाना कैंट पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर तीनों हमलावर हवालातियों के खिलाफ जानलेवा हमला करने और सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने सहित विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। कोर्ट ने आरोपियों को 5 दिन की रिमांड पर भेजा आरोपियों को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। थाना कैंट के एसएचओ रघवीर सिंह बंगी ने बताया कि केंद्रीय जेल बठिंडा के सुपरिटेंडेंट दलवीर सिंह पर तीन हवालातियों द्वारा हमला किए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। इस हमले में बीच-बचाव करने आए उनके गनमैन जख्मी हुआ है। आरोपियों के खिलाफ कैंट थाने में केस दर्ज कर उन्हें नामजद कर लिया गया था। शुक्रवार को अदालत ने तीनों आरोपियों का 5 दिन का पुलिस रिमांड पुलिस को सौंप दिया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से गहन पूछताछ की जाएगी कि इस हमले के पीछे इनका क्या मकसद था और जेल के भीतर इनके पास तीखी चीजें कहां से आईं।