बरनाला जिले के चन्नणवाल गांव में हाल ही में हुई भारी ओलावृष्टि और तेज आंधी से किसानों की मूंग और मक्का की फसलें तबाह हो गईं। इस प्राकृतिक आपदा से करीब 12 किसानों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे पूरे इलाके में चिंता का माहौल है। समाजसेवी बलविंदर सिंह राजा और गुरजनक सिंह ने बताया कि बूटा सिंह की 8 एकड़ मूंग, जसविंदर सिंह की 5 एकड़ मूंग और 5 एकड़ मक्का, जसमन सिंह की 9 एकड़ मूंग तथा गुरप्रीत सिंह की 5 एकड़ मक्का की फसल बर्बाद हुई है। इसके अतिरिक्त, हरविंदर सिंह, भिंदा सिंह, गुरचरण सिंह, बलजिंदर सिंह, करमजीत सिंह, चरणजीत सिंह, गुरजंट सिंह और सुखचैन सिंह की मक्का व मूंग की फसलें भी पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। सरकार से मुआवजा दिए जाने की मांग किसानों ने बताया कि खेती पहले से ही घाटे का सौदा है और इस प्राकृतिक आपदा ने कर्ज में डूबे किसानों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। उन्होंने सरकार से तुरंत विशेष गिरदावरी करवाकर उचित मुआवजे की मांग की है। इस प्राकृतिक आपदा के बाद, हल्का विधायक कुलवंत सिंह पंडोरी ने चन्नणवाल गांव का दौरा किया और किसानों के खेतों में हुए नुकसान का जायजा लिया। विधायक पंडोरी ने किसानों को आश्वासन दिया कि पंजाब सरकार इस मुश्किल समय में उनके साथ है और उन्हें उचित मुआवजा प्रदान किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही बरनाला के डिप्टी कमिश्नर को स्थिति से अवगत कराया और राजस्व विभाग के अधिकारियों को तुरंत गिरदावरी करने तथा रिपोर्ट सरकार को भेजने के निर्देश दिए।