बीकानेर के गंगाशहर इलाके में बुधवार को एक पापड़ फैक्ट्री में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे कारखाने को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और आसपास के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्रित हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार फैक्ट्री में लगी डीजल भट्टी से आग भड़कने की आशंका जताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और फैक्ट्री परिसर से ऊंची लपटें और धुएं का गुबार उठने लगा। तीन दमकल गाड़ियां और पानी के टैंकर लगाए घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। आग पर काबू पाने के लिए तीन दमकल गाड़ियों को लगाया गया है। वहीं अतिरिक्त पानी की जरूरत को देखते हुए कई पानी के टैंकर भी मौके पर मंगवाए गए। दमकलकर्मी लगातार आग पर नियंत्रण पाने में जुटे रहे। फैक्ट्री में मौजूद ज्वलनशील सामग्री के कारण आग तेजी से फैलती रही, जिससे राहत कार्य में भी दिक्कतें आईं। डीजल भट्टी से आग की आशंका घटना की सूचना पर सीओ हिमांशु शर्मा भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी की। पुलिस और प्रशासन की टीम ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि शुरुआती जांच में डीजल भट्टी को आग लगने की वजह माना जा रहा है। भारी नुकसान की आशंका, जनहानि नहीं आग से फैक्ट्री में भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। मशीनरी, कच्चा माल और तैयार सामान जलने की संभावना है। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
