प्रतापगढ़ पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश लक्ष्मण मोगिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस को देख आरोपी ऊंची पहाड़ी पर चढ़ गया और पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला करने लगा। जिसे घेराबंदी कर पुलिस दबोच लिया। ये बदमाश अपनी गैंग के साथ मिलकर लोगों से लूटपाट, मारपीट और उनके वाहन छीनकर वीडियो बनाता था। इन वीडियो को वो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर लोगों में भय पैदा कर रहा था। पुलिस को देख ऊंची पहाड़ी पर चढ़ा
एसपी बी.आदित्य ने बताया- पुलिस को सूचना मिली कि इनामी आरोपी लक्ष्मण मोगिया देवाक माता के जंगलों में छिपा हुआ है। इस पर छोटी सादड़ी थाना पुलिस, साइबर सेल और जिला पुलिस की विशेष टीम ने उसे गिरफ्तार करने के लिए संयुक्त अभियान चलाया। पुलिस टीम जैसे ही उसे पकड़ने जंगल में पहुंची, वह एक ऊंची पहाड़ी पर चढ़ गया। पुलिसकर्मियों पर पत्थरों से हमला
आरोपी लक्ष्मण पहाड़ी से पुलिसकर्मियों पर बड़े-बड़े पत्थरों से हमला करने लगा, जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पंप एक्शन गन से दो फायर भी किए, जिस पर लक्ष्मण मोगिया पास ही 15 फीट गहरी खाई में कूद गया। जिसे पुलिसकर्मियों ने बाहर निकाला, कूदने के दौरान लक्ष्मण घायल हो गया। जिसे प्रतापगढ़ के जिला अस्पताल में उपचार के लिए लाया गया, उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उधारी नहीं देने पर दुकान में लगाई थी आग
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने बताया कि 9 मई को बरवाड़ा नाका निवासी राधेश्याम रेगर ने एक मामला दर्ज कराया था। राधेश्याम पंचर निकालने, वेल्डिंग और किराना की दुकान चलाते हैं। 8 मई की रात को लक्ष्मण मोगिया अपने साथियों कंवरलाल, धनराज, ताराचंद और कन्हैयालाल के साथ बाइक से उनकी दुकान पर आया था। लक्ष्मण मोगिया ने राधेश्याम से उधार सामान मांगा, लेकिन राधेश्याम ने मना कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने दुकान के बाहर खड़ी राधेश्याम की कार में तोड़फोड़ कर उसके शीशे तोड़ दिए। उन्होंने राधेश्याम को धमकाते हुए दुकान में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे उसे काफी नुकसान हुआ। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए थे। लक्ष्मण मोगिया पर मध्य प्रदेश और राजस्थान के विभिन्न थानों में संगीन अपराधिक प्रकरण दर्ज है। 2 साल पहले भी इसी तरह के एक मामले में इसने पुलिस कर्मियों पर हमला किया था एसपी बी. आदित्य के निर्देश पर साइबर सेल, जिला पुलिस की विशेष टीम और छोटी सादड़ी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर उसे पकड़ा। लक्ष्मण मोगिया पर 14 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। गाड़ी छीनने, मारपीट और लूट के आरोप
एसपी ने बताया कि लक्ष्मण मोगिया अपनी गैंग के साथ मिलकर वाहन छीनने, मारपीट करने और लूटपाट की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था और उसकी तलाश कर रही थी।
