जो राम को लाए हैं, हम उनको लाएंगे” भजन से विश्वभर में ख्याति प्राप्त करने वाले भजन गायक कन्हैया मित्तल ने मोहाली खरड़ स्थित श्री राम मंदिर का दौरा किया। मंदिर पहुँचकर उन्होंने भगवान श्री राम के चरणों में माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान मंदिर पहुँचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं और मंदिर कमेटी ने उनका भव्य स्वागत किया। श्री राम मंदिर अज्ज सरोवर विकास समिति के प्रधान शशि पाल जैन और अन्य वरिष्ठ सदस्यों ने कन्हैया मित्तल को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। दौरे के दौरान कन्हैया मित्तल ने मंदिर परिसर और साथ लगते सरोवर के सौंदर्यीकरण की योजना का जायजा लिया। जब उन्हें बताया गया कि यहाँ भगवान श्री रामचंद्र जी की 108 फीट ऊंची विशालकाय प्रतिमा स्थापित करने की योजना है, तो उन्होंने इस पहल की जमकर सराहना की। मित्तल ने संकल्प लिया कि उनका प्रयास रहेगा कि इसे विश्व की सबसे ऊंची श्री राम प्रतिमा के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने भावुक होकर कहा कि यदि इस महान कार्य के लिए वित्तीय सहयोग जुटाने हेतु उन्हें पदयात्रा भी करनी पड़ी, तो वे इसमें पीछे नहीं हटेंगे।कन्हैया मित्तल ने इस अवसर पर अयोध्या में हुए श्री राम लल्ला प्राण प्रतिष्ठा समारोह के अपने अनुभवों को भी साझा किया। अज्ज सरोवर धाम के माम से होगा विख्यात उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना उनके जीवन का सबसे गौरवपूर्ण क्षण था और खरड़ पहुँचकर उन्हें वैसी ही दिव्य शांति का अनुभव हुआ है। उन्होंने बताया कि यह स्थान भगवान श्री राम के पूर्वजों से जुड़ा माना जाता है, इसलिए इस क्षेत्र का धार्मिक महत्व अत्यंत अधिक है। मित्तल ने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में यह स्थान पूरे विश्व में “अज्ज सरोवर धाम” के रूप में विख्यात होगा। भगवान राम के पूरे परिवार की प्रतिमाएं स्थापित भजन गायक ने मंदिर की अनूठी विशेषता का उल्लेख करते हुए कहा कि यहाँ केवल भगवान राम ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार और पूर्वजों की प्रतिमाएं भी स्थापित की जा रही हैं, जो सांस्कृतिक और धार्मिक दृष्टि से एक सराहनीय कदम है। इस दौरान उन्होंने भक्तों को एक बड़ी सौगात देते हुए घोषणा की कि आगामी 16 जून को वे मंदिर परिसर में एक विशाल निःशुल्क भजन संध्या का आयोजन करेंगे। इस घोषणा के बाद उपस्थित श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।
भजनों से किया मंत्र मुग्ध कार्यक्रम के अंत में कन्हैया मित्तल ने अपने लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस विशेष अवसर पर भाजपा नेता राकेश गुप्ता बंटी, दविंदर गुप्ता, प्रीती राणा, प्रवेश भारती और उद्योगपति विनोद कपूर सहित कई गणमान्य हस्तियां मौजूद रहीं। मंदिर समिति ने कन्हैया मित्तल द्वारा दिए गए समर्थन और उनकी यात्रा के लिए आभार व्यक्त किया, जबकि मित्तल ने इस स्थान को भविष्य में श्रद्धा का एक प्रमुख वैश्विक केंद्र बनने का आशीर्वाद दिया।
