तरनतारन जिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय पर अज्ञात लोगों द्वारा किए गए हमले के बाद केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू तरनतारन स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे। इस दौरान जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह संधू, सह-प्रभारी और प्रदेश प्रवक्ता नरेश शर्मा सहित कई प्रमुख भाजपा नेता और समर्थक मौजूद थे। केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने इस अवसर पर कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह विफल हो चुकी है और आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के कार्यकाल में असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हो गए हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि दिनदहाड़े भाजपा कार्यालय पर हुआ यह हमला केवल एक राजनीतिक दल पर नहीं, बल्कि सीधे लोकतंत्र पर हमला है। बिट्टू ने बताया कि हमलावरों का मुख्य निशाना जिला अध्यक्ष हरजीत सिंह संधू और अन्य भाजपा नेता थे। उन्होंने कहा कि सौभाग्य से संधू कुछ मिनट पहले ही कार्यालय से निकल गए थे, अन्यथा बड़ा जानमाल का नुकसान हो सकता था। उन्होंने इस घटना को अत्यंत गंभीर बताया और कहा कि इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आम आदमी पार्टी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बदलाव के नाम पर पंजाब के लोगों के साथ धोखा किया गया है। बिट्टू के अनुसार, जहां आम लोगों को सुरक्षा की आवश्यकता है, वहीं सरकार अपने राजनीतिक विरोधियों को डराने और दबाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि पंजाब में कानून का नहीं, बल्कि ‘गुंडा राज’ चल रहा है। केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने दी चेतावनी केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने चेतावनी दी कि जो लोग भाजपा कार्यकर्ताओं को डराने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता देश की एकता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए हमेशा दृढ़ रहेगा और गुंडागर्दी के आगे नहीं झुकेगा। उन्होंने पंजाब पुलिस और प्रशासन को भी कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया, तो भाजपा राज्य स्तर पर एक बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। बिट्टू ने इस हमले के पीछे के सभी पहलुओं की गहन जांच की मांग की।साजिश करने वालों को कानून के मुताबिक सजा मिलनी चाहिए। जिला अध्यक्ष ने मंत्री बिट्टू का किया धन्यवाद इस मौके पर, जिला अध्यक्ष श्री हरजीत सिंह संधू ने केंद्रीय राज्य मंत्री सरदार अवनीत सिंह बिट्टू का भी धन्यवाद किया और कहा कि BJP का हर कार्यकर्ता एक परिवार की तरह साथ खड़ा है और वे ऐसी घटनाओं से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात कहने का अधिकार है, लेकिन हिंसा और गुंडागर्दी के लिए कोई जगह नहीं हो सकती। आखिर में, रवनीत सिंह बिट्टू ने पंजाब के लोगों से ऐसी ताकतों से सावधान रहने की अपील की जो पंजाब का माहौल खराब करना चाहती हैं। कहा कि बीजेपी पंजाब के लोगों की शांति, तरक्की और सुरक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी और पंजाब की अमन-चैन को किसी भी कीमत पर खराब नहीं होने दिया जाएगा। वह पट्टी और भिखीविंड चुनावों में बीजेपी की जीत के लिए पूरे जोश, होश और मेहनत से काम करेंगे।
