पंजाब के संगरूर जिले में लोंगोवाल पुलिस ने गश्त के दौरान एक युवक को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो देसी पिस्टल 32 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इस संबंध में पुलिस स्टेशन लोंगोवाल के थानेदार यादविंदर सिंह ने जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, लोंगोवाल गांव की सीमा में लोहाखेड़ा जाने वाली लिंक सड़क पर गश्त और संदिग्धों की चेकिंग चल रही थी। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि जसनप्रीत सिंह उर्फ बाठ, जो मंडी पासा धर्मशाला, गांव ताजोके, जिला बरनाला का निवासी है और वर्तमान में गांव गवाल क्षेत्र में रह रहा है, उसके पास अवैध हथियार और गोला-बारूद है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कुछ समय बाद, पुलिस ने मंदर कला जाने वाली लिंक रोड पर खड़े एक युवक को संदेह के आधार पर रोका। पूछताछ और तलाशी के दौरान उसकी पहचान जश्नप्रीत सिंह उर्फ बाठ के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दो देसी पिस्टल 32 बोर और चार जिंदा कारतूस मिले। पुलिस ने मौके पर ही हथियार जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अब यह जांच की जा रही है कि आरोपी ने ये हथियार कहां से हासिल किए और क्या इनका इस्तेमाल किसी आपराधिक वारदात में किया जाना था। साथ ही, आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और उसके संभावित साथियों के बारे में भी जांच की जा रही है।