फरीदकोट जिले की नगर काउंसिलों में सफाई सेवक यूनियन पंजाब के आह्वान पर सफाई कर्मचारियों द्वारा कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने समेत अन्य मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल की जा रही है। इस हड़ताल के तहत बुधवार को कर्मचारियों ने फरीदकोट व कोटकपूरा शहर में पंजाब सरकार के खिलाफ रोष मार्च निकालते हुए जोरदार नारेबाजी की। कोटकपूरा में नगर काउंसिल कार्यालय के बाहर धरना दे रहे कर्मचारी नेताओं ने जानकारी देते हुए बताया कि पंजाब सरकार लंबे समय से सफाई कर्मचारियों की मांगों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रही, जिसके चलते पूरे प्रदेश में सफाई कर्मचारी हड़ताल पर हैं। कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने की मांग उन्होंने कहा कि कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल करने और अन्य जायज मांगों को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया जा रहा है, लेकिन मौजूदा सरकार इस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में संघर्ष को और तेज किया जाएगा। जिसकी पूरी जिम्मेदारी पंजाब सरकार की होगी।इस मौके पर कच्चे कर्मचारियों की नीति के नोटिफिकेशन की कापियां भी फूंकी गई। सफाई कर्मचारियों की इस हड़ताल को अन्य संगठनों द्वारा भी समर्थन दिया जा रहा है। सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है-प्रदर्शनकारी इस मौके पर सफाई सेवक यूनियन कोटकपूरा के प्रधान सुशील कुमार और प्रदेश स्तरीय नेता रमेश कुमार ने कहा कि सफाई कर्मचारियों ने अब सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों की जायज मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
