महंगाई के बीच आम आदमी की रसोई का बजट एक बार फिर बिगड़ने वाला है। देश की डेयरी कंपनियों वेरका (Verka), अमूल (Amul) ने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। पंजाब के प्रमुख ब्रांड वेरका के दूध की कीमतों में 2 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा किया गया है। कल से प्रभावी होंगी नई दरें मिल्कफेड (वेरका) द्वारा जारी आधिकारिक सूचना के अनुसार, बढ़ी हुई कीमतें 14 मई (गुरुवार) की सुबह से लागू हो जाएंगी। यह वृद्धि दूध के सभी वेरिएंट्स (फुल क्रीम, स्टैंडर्ड, टोंड और काऊ मिल्क) पर लागू होगी। लुधियाना सहित पूरे पंजाब में अब ग्राहकों को दूध के लिए अतिरिक्त जेब ढीली करनी होगी। मध्यम वर्ग पर सीधा असर दूध की कीमतों में इस इजाफे का सीधा असर मध्यम और निम्न आय वर्ग के परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा। गौरतलब है कि लोग पहले से ही पेट्रोल-डीजल और खाद्य तेलों की आसमान छूती कीमतों से परेशान हैं, ऐसे में दैनिक उपयोग की सबसे अनिवार्य वस्तु ‘दूध’ का महंगा होना किसी झटके से कम नहीं है। खरीद कीमतों में पहले ही हो चुकी है वृद्धि बता दें कि इससे पहले पंजाब सरकार ने 1 मई को दूध की खरीद कीमतों में बढ़ोतरी की थी। मिल्कफेड ने दूध उत्पादकों (डेयरी किसानों) को राहत देते हुए दूध की खरीद कीमत में 20 रुपये प्रति किलो फैट की बढ़ोतरी की थी। उत्पादन लागत और चारे के दामों में हुई वृद्धि को इस फैसले का मुख्य कारण माना जा रहा है। अमूल के सभी वेरिएंट्स पर बढ़े दाम वेरका के साथ-साथ अमूल और मदर डेयरी ने भी अपने दूध के सभी वेरिएंट्स पर 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की घोषणा की है। कंपनियों का कहना है कि परिचालन लागत और उत्पादन खर्च बढ़ने के कारण यह फैसला लेना पड़ा है।
