चित्तौड़गढ़ जिले में सड़क हादसे में मौसेरे भाइयों समेत तीन युवकों की मौत हो गई। रविवार रात करीब 11 बजे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मारी थी। एक्सीडेंट के बाद तीनों सड़क पर तड़पते रहे। हादसा निंबाहेड़ा-चित्तौड़गढ़ हाईवे पर निंबाहेड़ा से 7 किमी पहले लक्ष्मीपुरा गांव के पास हुआ। करीब चार घंटे बाद राहगीरों ने तीनों को सड़क पर पड़े देखा तो पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। निंबाहेड़ा सदर थाना के ASI कैलाश शर्मा ने बताया- देर रात करीब 3 बजे हादसे की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचे तो तीन युवक हाईवे पर पड़े थे। तीनों के सिर में गंभीर चोट आई थी। उन्हें एंबुलेंस से जिला अस्पताल निंबाहेड़ा पहुंचाया। वहां डॉक्टर्स ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। देखिए, हादसे से जुड़ी 3 PHOTOS… काम पूरा कर लौट रहे थे घर हादसे में मध्यप्रदेश के आगर मालवा निवासी गोविंद सिंह (33) पुत्र शंभू सिंह और झालावाड़ निवासी शेर सिंह (30) व धर्मराज (30) की मौत हुई है। गोविंद और शेर सिंह मौसेरे भाई थे। तीनों करीब 15 दिन से निंबाहेड़ा में किराए के कमरे में रह रहे थे। तीनों मजदूरी करते थे। उन्होंने पास के ही किसी गांव में पुट्टी करने का काम लिया हुआ था। रविवार रात को काम पूरा होने पर तीनों बाइक से निंबाहेड़ा की तरफ जा रहे थे। निंबाहेड़ा से करीब 7 किमी पहले लक्ष्मीपुरा गांव के पास हादसा हो गया। हाॅस्पिटल पहुंचे तो पता चला मौसेरे भाई की भी मौत हो गई गोविंद सिंह के पिता शंभू सिंह ने बताया कि सुबह 5 बजे हमें गोविंद के एक्सीडेंट की सूचना मिली थी। मैं तुरंत अपने रिश्तेदारों के साथ में निंबाहेड़ा के लिए निकल गया। निंबाहेड़ा के जिला अस्पताल में पहुंचकर पता किया तो गोविंद के साथ में उसकी मौसी का बेटा शेर सिंह भी मिला, जिसकी भी मौत हो चुकी थी। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना स्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। गोविंद की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी। उसके दो बेटी हैं। गोविंद का एक छोटा भाई है। वहीं, शेर सिंह के एक बेटी है।