झुंझुनूं में कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री राजेंद्र गुढ़ा ने कहा- मेरे खिलाफ यह पहला मुकदमा नहीं है। राजेंद्र गुढ़ा खड़ा है, हिम्मत है तो पकड़ो, गिरफ्तार करो। 40 साल से मुकदमे झेल रहा हूं। ये मेरे स्टार हैं। मुझे मुकदमों से मत डराओ। 15 साल का था, तब पहली बार बाल सुधार गृह गया था। जब तक सांस चलेगी, गरीबों की लड़ाई लड़ता रहूंगा और लोग मुकदमे लगाते रहेंगे। 4 फरवरी को प्रशासन ने हटाया था अतिक्रमण दरअसल, दरगाह हांडी शाह की वक्फ भूमि से 4 फरवरी 2026 को प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण बताकर दुकानों को हटवाया था। इसके बाद 8 मई को दरगाह परिसर में तोड़फोड़ करने के आरोप में गुढ़ा समेत 14 नामजद लोगों के खिलाफ कोतवाली थाने में मामला दर्ज किया गया था। विरोध में सोमवार को शिक्षक भवन से कलेक्ट्रेट तक रैली निकाली गई। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जाब्ता तैनात रहा। गुढ़ा ने आरोप लगाते हुए कहा- निर्माण नहीं हटाने की एवज में पांच लाख तक मांगे गए। भू-माफिया को फायदा पहुंचाने का आरोप गुढ़ा ने कहा- गरीबों को इसलिए उजाड़ा गया है क्योंकि बेशकीमती जमीन पर भू-माफिया की नजर है। एक अरबपति को खरबपति बनाने के लिए गरीबों के आशियाने उजाड़कर शहर के बीचों-बीच रास्ता देने का गंदा खेल खेला जा रहा है। लोगों को नमाज नहीं पढ़ने देते। कोतवाली थाने को यातना केंद्र बना दिया गया है। मुस्लिम समाज के लोगों को नाम पूछकर प्रताड़ित किया जा रहा है। राकेश झांझड़िया के मामले में सीआई ने करोड़ों का भ्रष्टाचार किया है, उनके पास इसके सबूत हैं। गुढ़ा बोले- कोई ईमानदार है तो हाथ उठाओ राजेंद्र गुढ़ा ने प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा- अगर कोई ईमानदार है तो हाथ ऊपर उठाओ। मैं सीना ठोक कर कहता हूं कि मैंने कभी किसी का पैसा नहीं खाया। गरीबों की हाय भ्रष्टाचार करने वालों का सत्यानाश कर देगी। भ्रष्टाचारियों को कीड़े पड़ेंगे। जहन्नुम में जाएंगे। इस पर लोगों ने कहा- आमीन। राजेंद्र गुढ़ा ने कहा- कलेक्टर और एसपी भी यहां से 16 सीसी के नोटिस लेकर गए हैं। कलेक्टर रामावतार ने 10-10 लाख रुपए में बंदूकों के लाइसेंस बांट दिए थे। जब तहसीलदार कहता है मैं ईमानदार हूं, तो रजिस्ट्रियों में कितना प्रतिशत कमीशन ले रहे हो। विधायक को नोट समेटने वाला बताया गुढ़ा ने कहा- विधायक राजेंद्र भाम्बू गरीबों को लूट रहे हैं। टोल के नाम पर डंपरों की भारी-भरकम पेनल्टी कटवाकर वसूली की जा रही है। उन्होंने विधायक को नसीहत दी कि ‘ नोट इकट्ठा मत करो, वोट इकट्ठा करो। गुढ़ा ने कहा- वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष भानू खान भी भ्रष्टाचारी है। इसने गरीबों के साथ गलत किया है। तीन दिन पहले दर्ज हुआ था मामला आरोप है कि 8 मई (शुक्रवार) की शाम करीब 8 बजे पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा के नेतृत्व में दर्जनों लोग हाथों में कस्सी, फावड़े और हथियार लेकर दरगाह परिसर में घुस आए और तोड़फोड़ की। इसके बाद दरगाह के सेवक मोहम्मद शरीफ ने शनिवार को पुलिस को रिपोर्ट सौंपी। इस पर पुलिस ने मोहम्मद अली, आबिद, आयुब, लियाकत रंगरेज, यूनुस उर्फ मुंशी, साजिद, सलीम, फरियाद और पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा सहित अन्य को आरोपी बनाया है। पूर्व मंत्री राजेंद्र सिंह गुढ़ा सहित 14 नामजद लोगों के खिलाफ झुंझुनूं की कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया गया है।
