IPL (इंडियन प्रीमियर लीग) मुकाबले के लिए गुजरात टाइटंस की टीम जयपुर पहुंच चुकी है। टीम के स्टार स्पिनर और अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के दिग्गज खिलाड़ी राशिद खान आज सांगानेर स्थित मस्जिद में जुमे की नमाज अदा करने पहुंचे। स्थानीय लोगों और क्रिकेट फैंस में उन्हें देखने के लिए खासा उत्साह नजर आया। नमाज के बाद राशिद खान ने लोगों से मुलाकात की। अपने फैंस के साथ तस्वीरें भी क्लिक करवाईं। कई युवाओं और बच्चों ने उनके साथ सेल्फी ली। राशिद यहां से ही सीधे एसएमएस स्टेडियम में प्रैक्टिस के लिए रवाना हो गए। गुजरात टाइटंस की टीम गुरुवार को जयपुर पहुंच गई थी। एयरपोर्ट से रवाना होने के बाद टीम की बस खराब हो गई। इसके बाद सभी को कैब के जरिए होटल रवाना किया गया था। राजस्थान रॉयल्स के सामने कल खेलेंगे मैच बता दें कि राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच 9 मई को एसएमएस स्टेडियम में मैच होगा। राशिद खान की घातक स्पिन गेंदबाजी और निचले क्रम में तेज बल्लेबाजी कई बार गुजरात के लिए मैच विनिंग साबित हुई है। जयपुर के क्रिकेट प्रेमी भी उन्हें मैदान पर अपना जादू बिखेरते देखने के लिए उत्साहित हैं। गुजरात टाइटंस टीम जयपुर पहुंच चुकी गुजरात टाइटंस की टीम गुरुवार दोपहर जयपुर पहुंच गई थी। टीम को 9 मई को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ सवाई मानसिंह स्टेडियम में मुकाबला खेलना है। इस हाई-वोल्टेज मैच को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। गुजरात टाइटंस की कप्तानी युवा बल्लेबाज शुभमन गिल कर रहे हैं। टीम में राशिद खान के अलावा जोस बटलर, मोहम्मद सिराज, साई सुदर्शन, राहुल तेवतिया, शाहरुख खान, वॉशिंगटन सुंदर और कागिसो रबाडा जैसे स्टार खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं टीम के हेड कोच आशीष नेहरा हैं। शुभमन गिल सीधे एयरपोर्ट से मैदान पर गए थे गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल गुरुवार शाम अलग से जयपुर पहुंचे। एयरपोर्ट से वे सीधे प्रैक्टिस के लिए रवाना हो गए। टीम प्रबंधन के अनुसार शुक्रवार को पूरी टीम सवाई मानसिंह स्टेडियम में अभ्यास करती नजर आएगी, जहां खिलाड़ी राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मुकाबले की तैयारियों को अंतिम रूप देंगे। एयरपोर्ट से निकलते ही खराब हुई टीम की बस गुजरात टीम के जयपुर पहुंचने के बाद एक छोटी सी असुविधा भी देखने को मिली। एयरपोर्ट से होटल के लिए रवाना हुई टीम बस स्टेट हैंगर के पास अचानक खराब हो गई। बस में टीम के कई बड़े खिलाड़ी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद थे। बस रुकने के बाद कुछ देर के लिए खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति को संभालने के लिए टीम मैनेजमेंट ने तुरंत कैब्स की व्यवस्था की, जिसके बाद खिलाड़ियों और उनके परिवारों को होटल आईटीसी राजपूताना पहुंचाया गया। इस दौरान कुछ खिलाड़ी थोड़े परेशान भी नजर आए, हालांकि बाद में सभी सुरक्षित होटल पहुंच गए। देखिए- गुजरात टाइटंस टीम के जयपुर एयरपोर्ट पर PHOTOS