जगराओं शहर में सफाई व्यवस्था बदहाल है और जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। इस स्थिति के बीच सफाई कर्मचारी दो गुटों में बंट गए हैं। एक गुट ने अपनी मांगों को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है, जिससे सफाई कार्य ठप हो गया है। वहीं, दूसरे गुट ने भीषण गर्मी और बरसाती मौसम में बीमारियों के खतरे को देखते हुए शहर की सफाई का जिम्मा उठाया है। दूसरे गुट के प्रधान रवि गिल ने स्पष्ट किया कि उनका और उनके साथियों का हड़ताल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक कर्तव्य शहर को स्वच्छ रखना है। गिल ने आरोप लगाया कि कुछ बाहरी लोग नगर कौंसिल में आकर सफाई कर्मचारियों को भड़का रहे हैं और जानबूझकर शहर की सफाई रोकी जा रही है। उनका मानना है कि ऐसा आगामी नगर कौंसिल चुनावों में राजनीतिक लाभ लेने के लिए किया जा रहा है। रवि गिल बोले- दूसरी यूनियन बाधा डालती है रवि गिल ने यह भी आरोप लगाया कि जब उनकी टीम शहर में सफाई कार्य करती है, तो दूसरी यूनियन द्वारा बाधाएँ डाली जाती हैं। उन्होंने बताया कि सफाई सेवकों को काम करने से रोका जा रहा है और उन्हें रेहड़ियां छीनने की धमकियाँ भी दी जा रही हैं। गिल ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाने के लिए उन्हें कूड़ा उठाने वाली गाड़ियां, जेसीबी मशीनें, ट्रैक्टर-ट्रालियां और अन्य आवश्यक संसाधनों की आवश्यकता है, ताकि शहर भर में लगे कूड़े के ढेरों को हटाया जा सके। प्रधान रवि गिल ने शहरवासियों से की अपील प्रधान रवि गिल ने शहरवासियों और समाजसेवियों से अपील की है कि वे जागरूक होकर नगर कौंसिल पहुँचें और शहर को स्वच्छ रखने की इस मुहिम में उनका सहयोग करें। उन्होंने निवासियों से अधिकारियों पर दबाव बनाने का आग्रह किया ताकि सफाई के लिए आवश्यक वाहन उपलब्ध कराए जा सकें। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक लोगों के समर्थन से दूसरा गुट सफाई संसाधनों पर कब्जा जमाए बैठा है। रवि गिल ने चेतावनी दी कि यदि बरसात से पहले शहर से कूड़ा नहीं उठाया गया, तो बीमारियां फैलने में देर नहीं लगेगी, क्योंकि शहर के लगभग हर चौक-चौराहे पर कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। इस मौके लखवीर सिंह निक्का (चेयरमैन, राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी महासंघ जगराओं), रवि गिल, कैशियर सुनील कुमार, मेट बलवीर गिल, ममता, धर्मवीर, मंगत राम, बलवीर कुमार, बुध राम रंगा, ममता विनोद और नीलम रानी सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे
