अलवर में मैरिज एनिवर्सरी के दौरान आपसी रंजिश के चलते पड़ोसी चाचा-ताऊ के परिवार ने लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में चार लोग घायल हुए हैं, जिनमें से 2 को गंभीर हालत में अलवर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना MIA थाना क्षेत्र के भजीट गांव की है। भजीट गांव निवासी हेतराम ने बताया- बुधवार को मेरी मैरिज एनिवर्सरी थी। कार्यक्रम में साले के बेटे सहित कई रिश्तेदार भी आए थे। उसी दौरान जीजा का लड़का विकास पड़ोसी की छत पर चला गया। इसी बात को लेकर पड़ोसी चाचा-ताऊ के परिवार के राजू, आकाश, बादल, अंकित, लीलू व सोनू खत्री सहित परिवार की महिलाओं ने हमला कर दिया। हमले में हेतराम और उसका भाई भोला राम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हेतराम ने अपने चाचा मांगेलाल के परिवार पर हमला करने का आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।