जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल में एक बुजुर्ग का गलत ऑपरेशन की शिकायत पर आर्थोपेडिक विभाग के सह आचार्य डॉ. रामकिशन चौधरी को कार्यमुक्त कर दिया। डॉ. रामकिशन को अब अग्रिम आदेशों तक चिकित्सा शिक्षा (ग्रुप वन) विभाग शासन सचिवालय जयपुर में उपस्थिति देनी होगी। SN मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉक्टर BS जोधा ने इसके आदेश जारी किए। बता दें कि जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में एडमिट एक वृद्धा के पांव के गलत ऑपरेशन को लेकर शिकायत सामने आई थी। इसके बाद मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के अधीक्षक डॉक्टर विकास राजपुरोहित की ओर से कमेटी गठित की गई थी। इस कमेटी की ओर से जांच की गई थी। इसमें प्रथमदृष्टया डॉ. रामकिशन चौधरी की लापरवाही पाई गई। इस आधार पर अब मेडिकल कॉलेज प्रशासन की ओर से इस पर एक्शन लिया गया है। पिछले महीने हुआ था ऑपरेशन गौरतलब है कि देचू निवासी चंपा देवी (66) को मारपीट में घायल होने पर 22 अप्रैल को मथुरादास माथुर अस्पताल में एडमिट किया गया था। यहां 27 अप्रैल को ट्रॉमा ओटी में दाएं और 28 अप्रैल को उनके बाएं पैर का ऑपरेशन किया गया था। इस दौरान किसी ने उनके गलत ऑपरेशन करने की शिकायत दे दी। वहीं अस्पताल से 30 अप्रैल को चंपा देवी को डिस्चार्ज कर दिया गया। शिकायत के आधार पर जांच कमेटी बनाई गई। कमेटी की ओर से जांच में स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर की पालना नहीं होने का मामला माना। इस जांच रिपोर्ट को प्रिंसिपल डॉक्टर बीएस जोधा को भी सौंपा गया था। रिपोर्ट के आधार पर मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल ने डॉक्टर रामकिशन चौधरी को कार्यमुक्त कर दिया।