ADG क्राइम विपन कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को सवाई माधोपुर जिले का वार्षिक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने SP ज्येष्ठा मैत्रेयी को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मीडिया से बातचीत करते हुए ADG क्राइम ने कहा कि वार्षिक निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य पुलिस कार्यप्रणाली और व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना है, ताकि आगामी चुनौतियों के लिए बेहतर तैयारी की जा सके। निरीक्षण के दौरान जिले में अपराध की स्थिति और पुलिस कार्यों की समीक्षा भी की गई। उन्होंने बताया कि पुराने लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण के लिए SP को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही साइबर क्राइम की रोकथाम को लेकर विशेष फोकस किया जा रहा है। जीरो टोलरेंस की नीति ADG ने कहा कि अवैध बजरी खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस जीरो टोलरेंस की नीति पर काम कर रही है। इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या मिलीभगत सामने आने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
