धौलपुर जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ‘मिशन मधुहारी’ की शुरुआत की गई है। इसका उद्घाटन जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी और प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. समरवीर सिंह सिकरवार ने किया। इस मिशन के तहत लूपिन संस्था ने अस्पताल को आधुनिक उपकरण उपलब्ध कराए हैं। अब जिला अस्पताल में स्पाइरोमेट्री मशीन के जरिए फेफड़ों की जांच की सुविधा शुरू हो गई है। इससे दमा और अन्य श्वसन संबंधी बीमारियों की पहचान आसानी से हो सकेगी। इसके अतिरिक्त, लेवल-1 के मधुमेह रोगियों को इंसुलिन सिरिंज और ग्लूकोमीटर दिए जाएंगे, जिससे वे नियमित रूप से अपने शुगर स्तर की निगरानी कर सकेंगे। मिशन के तहत अस्पताल में ईसीजी मशीन भी उपलब्ध कराई गई है, जो हृदय रोगों की जांच में सहायक होगी। मिशन के संचालन के लिए श्वसन रोग विशेषज्ञ डॉ. दीपेश अग्रवाल को इंचार्ज नियुक्त किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि ‘मिशन मधुहारी’ से जिले के मरीजों को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। विशेष रूप से श्वसन और मधुमेह से जुड़ी बीमारियों के उपचार में मरीजों को बड़ा लाभ होगा।
