प्रदेश की डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने राजसमंद दौरे के दूसरे दिन बुधवार को नाथद्वारा जाकर श्रीनाथजी मंदिर में दर्शन किए। साथ ही गुंजोल गांव की आंगनवाड़ी केंद्र में पोषाहार चखकर गुणवत्ता चेक की। श्रीनाथजी मंदिर में किए दर्शन बुधवार को डिप्टी सीएम नाथद्वारा पहुंचीं। यहां श्रीनाथजी मंदिर में ग्वाल झांकी के दर्शन किए। इसके बाद मंदिर परंपरा अनुसार मंदिर मंडल के अधिकारी सुधाकर उपाध्याय ने रजाई-उपरना ओढ़ाकर श्रीजी का प्रसाद भेंट कर स्वागत किया। उन्होंने तिलकायत पुत्र गोस्वामी विशाल बावा से फोन पर बातचीत की। मंदिर के विकास कार्यों को लेकर भी चर्चा की। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सांसद रहते उनका नाथद्वारा आना-जाना रहा है और यहां की जनता से उनका विशेष लगाव है। उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्होंने राजसमंद और नाथद्वारा में विभिन्न विकास कार्यों के शिलान्यास व उद्घाटन कार्यक्रमों में भाग लिया तथा उदयपुर में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है और प्रधानमंत्री के नेतृत्व में जनता ने विकास कार्यों पर भरोसा जताया है। आंगनवाड़ी में चखा पोषाहार दर्शन के बाद उपमुख्यमंत्री ने गुंजोल ग्राम स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया, बच्चों के पोषाहार को चखा और गुणवत्ता जांची। साथ ही अधिकारियों को साफ-सफाई और पोषण संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, मंदिर मंडल सीईओ जितेंद्र कुमार पंड्या सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
