पाली जिले के सांडेराव के निम्बेश्वर महादेव मंदिर के निकट स्थित राज फर्नीचर हाऊस फैक्ट्री में बुधवार दोपहर को अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि उसका धुंआ हवा में कई फीट तक ऊपर उठता दूर से ही नजर आ रहा था। मौके पर फालना, सुमेरपुर सहित आस-पास से दमकलें बुलाई गई। प्रारंभिक जांच में शार्ट सर्किट से आग लगने की बात सामने आई है। पाली जिले के सांडेराव–फालना रोड पर टोल नाके से पहले स्थित राज फर्नीचर हाऊस जहां गद्दा (मैट्रेस), सोफा सेट आदि बनते है उस फैक्ट्री में बुधवार को अचानक आग लग गई। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। यह फैक्ट्री करीब 8–10 महीने पहले ही शुरू हुई थी। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट के कारण आग भड़की की बात सामने आई है। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते तेज हो गई। आकाश में धुएं का गुब्बार उठता नजर आया। घटना की सूचना मिलते ही फालना से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं,वहीं सांडेराव पुलिस भी तुरंत पहुंचकर हालात को नियंत्रित करने में जुट गई। आग बुझाने के लिए आसपास के क्षेत्रों से भी अतिरिक्त दमकल वाहन बुलाए गए। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखा मैट्रेस, तकिए, बेड, सोफा सहित सभी अन्य फर्नीचर जल गया। इस दौरान फैक्ट्री मालिक सोहनलाल अपनी आंखों के सामने फैक्ट्री को जलते देख सदमे में आ गए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
