बूंदी में अखिल राजस्थान सेवा चिकित्सक संघ के बैनर तले हिंडोली उपखंड क्षेत्र के चिकित्सकों ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने उपखंड अधिकारी (एसडीओ) के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का ग्राम विकास अधिकारी या पटवारी द्वारा निरीक्षण करने के आदेश को अनुचित बताते हुए इसे रद्द करने की मांग की है। चिकित्सकों ने ज्ञापन में बताया कि एसडीओ का यह आदेश सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिससे चिकित्सक समुदाय में असंतोष है। उन्होंने कलेक्टर से इस आदेश को तत्काल निरस्त करने का आग्रह किया। उपखंड अधिकारी शिवराज मीणा ने 1 मई को एक आदेश जारी किया था। इस आदेश के तहत सीएचसी हिंडोली का निरीक्षण उपखंड अधिकारी स्वयं करेंगे, जबकि सीएचसी बसोली का तहसीलदार हिंडोली और सीएचसी अलोद का नायब तहसीलदार दबलाना निरीक्षण करेंगे। इसके अतिरिक्त पीएचसी दबलाना, गोठड़ा, बड़ानयागांव, थाना, रानीपुरा, सधूर, पेच की बावड़ी और आकोदा का निरीक्षण संबंधित ग्राम विकास अधिकारी और हल्का पटवारी को सौंपा गया है। उन्हें सप्ताह में एक दिन स्वास्थ्य केंद्रों का दौरा कर मूलभूत सुविधाओं, साफ-सफाई, दवाओं के स्टॉक, कर्मचारियों की उपस्थिति और अन्य समस्याओं का जायजा लेकर उपखंड अधिकारी हिंडोली को रिपोर्ट देनी होगी। चिकित्सकों ने इस आदेश पर आपत्ति जताते हुए इसे रद्द करने की मांग दोहराई है।
