जालोर के आहोर नगरपालिका क्षेत्र में खसरा संख्या 1008, 1009 एवं 977 की विवादित भूमि पर पट्टे जारी करने की प्रक्रिया को लेकर विवाद गहरा गया है। शिवसेना (UBT) के जिला प्रमुख रूपराज पुरोहित के नेतृत्व में सोमवार को जिला कलेक्टर के माध्यम से स्वायत्त शासन मंत्री झाबर सिंह खर्रा को ज्ञापन सौंपकर इस प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई। कोर्ट के आदेश के बावजूद पट्टे जारी करने का आरोप ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि यह मामला वर्तमान में राजस्थान उच्च न्यायालय में विचाराधीन है (रिव्यू पिटीशन संख्या: CAMP 35/2026)। इसके बावजूद, नगरपालिका द्वारा 2 मई 2026 को लोक सूचना जारी करना न्यायिक प्रक्रिया की अवहेलना है। शिवसेना ने बताया कि खसरा संख्या 1009 में 21 खातेदार होने के बावजूद बिना उचित विभाजन के पट्टे जारी करने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही,नगर पालिका के विधि सलाहकार द्वारा स्वयं इसी भूमि के लिए आवेदन करने को पद का दुरुपयोग बताया गया है। पार्टी ने मांग की है कि लोक सूचना को तुरंत निरस्त कर दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। मांग पूरी न होने पर शिवसेना ने आंदोलन की चेतावनी दी है। इस दौरान मिश्रीमल परिहार, रामसिंह राव और शैलेश जैन सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।