बूंदी के तालेड़ा थाना क्षेत्र के बरुधन कस्बे में देर रात एक महिला पर कुल्हाड़ी से हमला कर उसका मंगलसूत्र लूट लिया गया। घटना के बाद घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। यह घटना देर रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। बरुधन कस्बे में अपने घर के बाहर चारपाई पर सो रही एक महिला पर अज्ञात हमलावरों ने अचानक हमला कर दिया। बदमाशों ने कुल्हाड़ी से महिला के गले के पास वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हमले के दौरान महिला की चीख सुनकर पास ही सो रहे उसके पति रामावतार मेघवाल की नींद खुल गई। उन्होंने अपनी पत्नी को खून से लथपथ हालत में देखा। रामावतार तुरंत अपनी पत्नी को इलाज के लिए तालेड़ा अस्पताल ले गए। घटना की सूचना मिलते ही तालेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। कार्यवाहक थाना प्रभारी देशराज ने बताया कि महिला के पति रामावतार मेघवाल ने थाने में अज्ञात हमलावरों द्वारा कुल्हाड़ी से हमला करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि वह और उसकी पत्नी घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे, तभी रात के अंधेरे में अज्ञात हमलावरों ने उसकी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। सुबह जांच के दौरान लूट का मामला भी सामने आया। महिला के पति ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी के गले से सोने का मंगलसूत्र भी लूटा गया है। रामावतार मेघवाल ने आशंका जताई है कि बदमाशों ने लूट की नीयत से ही देर रात उनकी पत्नी को निशाना बनाया।