लुधियाना के श्री माछीवाड़ा साहिब में बीते शुक्रवार को रत्तीपुर रोड पर हुई एक लड़ाई में गगनदीप सिंह बिल्ला नामक युवक की मौत हो गई। इस घटना में उसका साथी मनप्रीत सिंह मनी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज चंडीगढ़ पीजीआई में चल रहा है। गगनदीप की मौत के बाद माछीवाड़ा क्षेत्र की सामाजिक संस्थाएं, किसान यूनियन और मृतक के परिजन व समर्थक सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि 15 मई तक आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो वे धरना प्रदर्शन करेंगे। SP बोली- दिन रात हो रही छापेमारी खन्ना पुलिस जिले की एसपी हरपिंदर कौर ने बताया कि आरोपियों की तलाश में पुलिस की करीब 10 टीमें विभिन्न स्थानों पर दिन-रात छापेमारी कर रही हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। बाकी आरोपी भी जल्द ही पुलिस की गिरफ्त में होंगे। आज कुछ किसान यूनियन और निहंग जत्थेबंदियों ने थाना माछीवाड़ा का घेराव कर सड़क जाम करने की योजना बनाई थी। हालांकि, एसपी हरपिंदर कौर की मुस्तैदी और पुलिस व जत्थेबंदियों के बीच आपसी सहमति से सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन की गतिविधि को रोक दिया गया। माछीवाड़ा शहर में कड़े पुलिस इंतजाम किए गए थे, जिससे पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था। 15 तक सभी की गिरफ्तारी ना हुई तो देंगे बड़ा धरना – जत्थेबंदियां पुलिस व जत्थेबंदियों की बातचीत के बाद सभी जत्थेबंदियों ने पुलिस को अल्टीमेटम दिया कि यदि 15 मई तक सभी आरोपी गिरफ्तार ना किए गए तो नेशनल हाईवे को जाम कर रोष प्रदर्शन किया जाएगा, जिसके लिए पुलिस प्रशासन जिम्मेवार होगा। एसपी हरपिंदर कौर ने सभी को आश्वासन दिया कि हम ऐसी नौबत नहीं आने देंगे, 15 से पहले ही सभी आरोपी पकड़ कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद गगनदीप का हुआ अंतिम संस्कार पहले परिजनों व जत्थेबंदियों ने कहा था कि गगनदीप का पोस्टमार्टम व अंतिम संस्कार उतनी देर तक नहीं किया जाएगा, जितनी देर तक सभी आरोपी पकड़े नहीं जाते। लेकिन एसपी (एच) हरपिंदर कौर, डीएसपी (एच) तरलोचन सिंह के समझाने और आश्वासन देने पर सभी ने सहमति दी कि गगनदीप सिंह बिल्ला का पोस्टमार्टम करवा दिया जाए। आज समराला के सिविल अस्पताल में गगनदीप का पोस्टमार्टम करवाने के बाद उसके गांव हैडो बेट में उसका नम आंखों से अंतिम संस्कार कर दिया गया है।