डूंगरपुर में रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवीन जिला कार्यालय में संगठन सशक्तीकरण को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी समय के लिए संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय करना और डिजिटल मोर्चे पर पार्टी को और अधिक आक्रामक बनाना था। जिला संगठन प्रभारी जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित के मुख्य आतिथ्य और जिला अध्यक्ष अशोक पटेल रणोली की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में जिले के वरिष्ठ नेताओं, मंडल अध्यक्षों और विभिन्न प्रकोष्ठों के संयोजकों ने भाग लिया।
संगठन प्रभारी जोगेंद्र सिंह राजपुरोहित ने कहा कि संगठन की असली शक्ति मंडल स्तर की सक्रियता में निहित है। उन्होंने मंडल कार्यकारिणी को नियमित रूप से कार्य करने और पदाधिकारियों को अपनी जिम्मेदारी समझने पर जोर दिया। राजपुरोहित ने प्रत्येक मंडल में हर महीने अनिवार्य रूप से बैठक करने और कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए। राजपुरोहित ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अब व्यक्तिगत विचारधाराओं और आपसी गुटबाजी के लिए कोई स्थान नहीं है। सभी को एकजुट होकर केवल संगठन हित में कार्य करना होगा। उन्होंने निष्क्रिय पदाधिकारियों के स्थान पर नए और ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को अवसर देने की बात भी कही।
वर्तमान समय की मांग को देखते हुए बैठक में सोशल मीडिया, मीडिया और आईटी सेल पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया। संगठन प्रभारी ने कहा कि डिजिटल युग में नीतियों और योजनाओं को आमजन तक पहुँचाने के लिए सोशल मीडिया सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने आईटी सेल को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश दिए, जिसमें स्थानीय गतिविधियों का प्रभावी प्रचार-प्रसार और सकारात्मक छवि निर्माण प्राथमिकता होनी चाहिए। मीडिया समन्वय को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में जिले की भागीदारी और उसकी रैंकिंग सुधारने पर भी विस्तृत चर्चा हुई। इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग मंडलों का प्रभार सौंपकर उनकी जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए गए।
