डूंगरपुर के गोकुलपुरा इलाके में एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाली थाने के हेड कांस्टेबल जीवराम ने बताया कि मृतक की पहचान थाणा निवासी प्रवीण (28) के रूप में हुई है। प्रवीण अपनी मां नाथी देवी और दो बच्चों के साथ गोकुलपुरा में एक किराए के मकान में रहता था। बीती रात प्रवीण कमरे के अंदर सोया था, जबकि उसकी मां और बच्चे घर के बाहर आंगन में सो रहे थे।
सुबह जब नाथी देवी की नींद खुली और उन्होंने कमरे में जाकर देखा, तो प्रवीण मृत अवस्था में पड़ा था। बेटे को इस हालत में देखकर उन्होंने तुरंत गोकुलपुरा में रहने वाले अपने दामाद और बेटी को सूचना दी। परिजनों की सूचना पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने घटनास्थल का जायजा लिया और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया। मृतक की मां ने कोतवाली थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है और मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
