अबोहर उपमंडल के गांव हिम्मतपुरा में रविवार दोपहर एक युवक पर उसके पड़ोसी ने जानलेवा हमला कर दिया। युवक अपनी 13 वर्षीय चचेरी बहन को पड़ोसी के चंगुल से छुड़ाने गया था। इस दौरान हमलावर ने उसके मुंह पर कस्सी से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। बचाव में आए उसके भाई से भी मारपीट की गई। सरकारी अस्पताल में भर्ती घायल सोनू ने बताया कि वह अपने खेत में तूड़ी भर रहा था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि उसका पड़ोसी युवक उसकी करीब 13 वर्षीय चचेरी बहन को जबरन अपने घर ले गया है। सूचना मिलते ही सोनू अपने पड़ोसी सुनील के साथ बाइक पर सवार होकर आरोपी के घर पहुंचा। वहां उसने देखा कि पड़ोसी युवक उसकी बहन के साथ गलत हरकत कर रहा था। पुलिस मामले की कर रही जांच सोनू ने जब इसका विरोध किया तो पड़ोसी युवक ने उसके मुंह पर कस्सी से हमला कर दिया। सोनू को बचाने के लिए जब उसके पड़ोसी सुनील ने हस्तक्षेप किया, तो आरोपी के परिवार ने उस पर भी हमला कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद 108 एम्बुलेंस के पायलट कुलदीप और ईएमटी चंद्र ने दोनों घायलों को सरकारी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार, सोनू की हालत गंभीर होने के कारण उसे फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। थाना बहाववाला पुलिस मामले की जांच कर रही है।
