कपूरथला के शहीद भगत सिंह चौक पर आम आदमी पार्टी (आप) के पदाधिकारियों और स्वयंसेवकों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार राज्य स्तरीय विरोध प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन हाल ही में गैस सिलेंडरों की कीमतों में की गई भारी वृद्धि के विरोध में आयोजित किया गया था। पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों को जनविरोधी बताते हुए जमकर नारेबाजी की और बढ़ी हुई दरों को तुरंत वापस लेने की मांग की। इस मौके पर पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, यूथ विंग की टीमें और महिला विंग के सदस्य भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि गैस की कीमतें जल्द ही कम नहीं की गईं, तो आम आदमी पार्टी इस आंदोलन को और भी तेज करेगी। अंत में, उन्होंने मांग की कि सरकार आम जनता की जेब पर डाका डालना बंद करे और राहत प्रदान करने के लिए ठोस कदम उठाए। छोटे दुकानदारों के कमाई पर असर केंद्र सरकार द्वारा की गई इस बढ़ोतरी से कमर्शियल गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि व्यावसायिक उपयोग वाले 19 किलो के गैस सिलेंडर की कीमत में 993 रुपये और 5 किलो वाले छोटे सिलेंडर के दाम में 261 रुपये का बड़ा इजाफा किया गया है। नेताओं का कहना है कि इस बढ़ोतरी का सीधा असर छोटे दुकानदारों, हलवाइयों और ढाबा चलाने वालों पर पड़ेगा, जिससे आम जनता के लिए बाहर खाना-पीना और भी महंगा हो जाएगा। गरीबों और मध्यम वर्ग का कमर तोड़ रही सरकार इस बड़े प्रदर्शन का नेतृत्व जिला प्रधान सरबजीत सिंह लुबाणा, हलका इंचार्ज एडवोकेट कर्मवीर सिंह चंडी और ट्रेड विंग के जिला प्रधान कंवर इकबाल सिंह ने किया। उनके साथ भारी संख्या में ‘आप’ कार्यकर्ता और विभिन्न विंगों की टीमें शामिल हुईं। नेताओं ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि वह महंगाई पर लगाम लगाने के बजाय उसे और बढ़ावा दे रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। महंगाई के मार से आम आदमी परेशान, आप करेगी आंदोलन विरोध प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी सरकार पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता को महंगाई की मार झेलने के लिए छोड़ चुकी है और केवल बड़े उद्योगपतियों जैसे अंबानी और अडानी को फायदा पहुँचाने में जुटी है। नेताओं ने स्पष्ट किया कि पंजाब के लोग इस अन्याय को चुपचाप बर्दाश्त नहीं करेंगे और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।